अब कनाडा से अपनों की अस्थियां भारत लाने की मजबूरी होगी खत्म, सरी की नदी में कर सकेंगे विसर्जन
कनाडा के सरी शहर में भारतीय समुदाय के लिए नदी में अस्थि विसर्जन की सुविधा शुरू की गई है। इससे ...और पढ़ें
-1789792447216_m.webp)
कनाडा के सरी में 21 सितंबर से बुकिंग शुरू होगी।
HighLights
कनाडा के सरी में भारतीय समुदाय के लिए अस्थि विसर्जन स्थल
भारत आने की मजबूरी खत्म, समय और खर्च की बचत
पर्यावरण नियमों का पालन, धार्मिक रीति-रिवाजों का सम्मान
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा में रहने वाले पंजाबियों और भारतीय समुदाय के लिए अपनों की अंतिम विदाई से जुड़ी एक बड़ी भावनात्मक मुश्किल अब कम होने जा रही है। सरी सिटी ने नदी में अस्थि विसर्जन के लिए अपनी पहली आधिकारिक साइट शुरू कर दी है।
अब किसी परिजन की मृत्यु के बाद अस्थियों को विसर्जित करने के लिए परिवार को भारत आने की जरूरत नहीं होगी। परिवार सरी में ही निर्धारित स्थल पर धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अस्थि विसर्जन कर सकेंगे।
यह सुविधा खासतौर पर उन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनके बुजुर्ग या परिजन कनाडा में रहते हैं और जिनकी अंतिम इच्छा या धार्मिक परंपरा के तहत अस्थियों का नदी में विसर्जन किया जाना होता है।
मजबूरी में भारत लानी पड़ती थी अस्थियां
पहले कनाडा की नदियों में अस्थि विसर्जन पर प्रतिबंध के कारण कई परिवारों को अस्थियां भारत ले जाकर विसर्जित करनी पड़ती थीं। इससे हवाई यात्रा, समय और परिवार के कई सदस्यों के आने-जाने का अतिरिक्त खर्च भी जुड़ जाता था।
भारत आने का खर्च और परेशानी होगी कम
कनाडा से भारत आना हर परिवार के लिए आसान नहीं है। हवाई टिकट, छुट्टी, भारत में ठहरने और अन्य खर्चों के कारण अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया कई परिवारों के लिए आर्थिक और भावनात्मक रूप से कठिन हो जाती थी। नई साइट से परिवार कनाडा में ही अंतिम संस्कार से जुड़ी इस महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा को पूरा कर सकेंगे।
हालांकि सुविधा पूरी तरह निशुल्क नहीं होगी। सरी सिटी ने इसके लिए 237 कनाडाई डॉलर यानी करीब 14,500 रुपये फीस निर्धारित की है। 21 सितंबर से ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू होगी। एक समय में केवल एक परिवार को स्थल इस्तेमाल करने की अनुमति होगी।
धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण की भी चिंता
यह पहल केवल धार्मिक सुविधा तक सीमित नहीं है। सरी सिटी ने नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए स्पष्ट नियम बनाए हैं। परिवार से सहमति पत्र लिया जाएगा और केवल अस्थियां नदी में प्रवाहित करने की अनुमति होगी। पूजा सामग्री या अन्य वस्तुओं को नदी में डालने की अनुमति नहीं होगी।
विसर्जन के दौरान सरी सिटी का कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहेगा। इसका उद्देश्य परिवार की सहायता करने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि पर्यावरणीय नियमों का पालन हो।
50 फीट आगे बना प्लेटफार्म, रैंप से पहुंचेंगे लोग
अस्थि विसर्जन स्थल नदी के पानी में करीब 50 फीट आगे बनाए गए विशेष प्लेटफार्म पर है। यहां पहुंचने के लिए रैंप और बैठने के लिए दो बेंच भी लगाए गए हैं। सीमित स्थान और निजता को देखते हुए बुकिंग व्यवस्था रखी गई है।
सरी सिटी के मेयर बेंडा लोक ने इसे संवेदनशील और सम्मानजनक पहल बताया है। उनके अनुसार इससे परिवार अपने दिवंगत परिजनों को शांतिपूर्वक और गरिमापूर्ण तरीके से अंतिम विदाई दे सकेंगे।
परियोजना पर करीब 2.5 मिलियन कनाडाई डॉलर यानी लगभग 20.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और फिलहाल इसे एक साल के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है।
फायदा क्या, चुनौती क्या?
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कनाडा में रहने वाले भारतीय परिवारों को केवल अस्थि विसर्जन के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। बुजुर्ग परिजन भी स्थानीय स्तर पर धार्मिक प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। साथ ही नदी में चोरी-छिपे विसर्जन करने और पर्यावरण नियमों के उल्लंघन की समस्या कम होने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, 237 डॉलर की फीस कुछ परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ हो सकती है। इसके अलावा केवल ऑनलाइन बुकिंग, निर्धारित समय और पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित करने पर रोक धार्मिक परंपराओं के पालन को लेकर कुछ परिवारों के लिए चुनौती बन सकती है।
डेल्टा में पहले से सुविधा, लेकिन फीस नहीं
अगस्त में पड़ोसी डेल्टा शहर में भी ब्रिटिश कोलंबिया की पहली आधिकारिक अस्थि विसर्जन साइट शुरू की गई थी। वहां बुकिंग या फीस की व्यवस्था नहीं है। सरी ने इसके विपरीत सुरक्षा, निजता और पर्यावरणीय निगरानी के लिए समय-स्लॉट और फीस अनिवार्य की है।
साउथ एशियन समुदाय, विशेषकर सिख और हिंदू परिवार, लंबे समय से ऐसी आधिकारिक सुविधा की मांग कर रहे थे। सरी की नई साइट इसी मांग को संस्थागत रूप देने की दिशा में कदम है। अब सभी तरह की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे मंजूर कर लिया गया है।
