'पंजाब का सबसे बड़ा दुश्मन नशा, इसे मिलकर खत्म करना होगा...', पठानकोट में बोले BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी ने पठानकोट से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का आगाज़ किया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की।

नशा पंजाब के लिए अब सबसे बड़ा दुश्मन: नितिन नवीन
HighLights
भाजपा ने पठानकोट से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का किया आगाज
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नशा मुक्ति के लिए पांच संकल्प लिए
यात्रा 13 दिन में 117 विधानसभा सीटों को कवर कर जालंधर में होगी समाप्त
जागरण संवाददाता, पठानकोट/माधोपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज नशा मुक्त पंजाब यात्रा का आगाज पठानकोट से शुरू कर दिया गया जिसमें विशेष रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस रैली के माध्यम से नशा के खिलाफ पांच संकल्प लिये गए, जिसमें नशा बेचने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई, किस-किस रास्ते से पंजाब में नशा पहुंचने और नशे की सप्लाई की चेने तोड़ने, नशे के कारोबार से आने वाले पैसे और उसके नेटवर्क पर प्रहार, नशे पीड़ितों का पुनर्वास तथा ऐसे लोगों के इलाज की जिम्मेवारी तथा शैक्षणिक,धार्मिक संस्थाओं और समाज की भागीदारी से नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर लड़ाई का संकल्प लिया जाएगा।
मालूम हो कि 13 दिन में चार हजार किलोमीटर दूरी तैय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर किया किया जाएगा तथा 30 सितंबर को इस रैली को जालंधर में खत्म किया जाएगा जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली को सम्बोधित करेंगे।
मौके पर उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जब कोई संकल्प लेता है तो उसे पूरा करके ही छोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटाने का उदाहरण इसका साक्षात प्रमाण है। इसी प्रकार आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
रवनीत बिट्टू पर हुआ हमला निदंनीय: नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि पठानकोट के माधोपुर में शुरू होने वाले नशा मुक्त पंजाब यात्रा में भाग लेने के लिए आज भाजपा के पदाधिकारी रवनीत सिंह बिट्टू पर किये गए हमले की निंदा करते हुए कहा कि जिन लोगों की ओर ये प्रयास किया है,वे यह न समझे कि भाजपा कार्यकर्ता कमजोर है।
उन्होंने कहा कि बंदूक और तोप भी चला दी जाए तो भी भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं। भाजपा कार्यकर्ता हर प्रकार की शहादत देने के लिए तैयार है और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए विरोधियों की ओर से किये गए ऐसे प्रयास उन्हें कमजोर नहीं कर सकते।
नशा पंजाब के लिए अब सबसे बडा दुश्मन: नितिन नवीन
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब के लिए अब सबसे बड़ा दुश्मन नशा बना चुका है। एक समय था जब पंजाब के जवान बंदूक लेकर देश की रक्षा के लिए निकलते थे परंतु अब पंजाब के लिए सबसे बड़ाी चुनौती नशा है। उन्होंने कहा कि ये एक ऐसा दुशमन है जो वर्दी में नहीं होता।
नशा चुपचाप गांवों और घरों तक पहुंच कर पूरे परिवार को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशा के माफिया को हम सभी को मिलजुल कर खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि पठानकोट की धरती पर सिर्फ यात्रा का आरंभ करने नहीं बल्कि पंजाब की नई लड़ाई को संकल्प के साथ शुरू करने आए है। उन्होंने कहा कि पठानकोट वहीं स्थान है जहां से श्यामा प्रसाद मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था।
नशा से प्रभावित परिवारों के साथ नितिन नवीन ने की बैठक
पहली बार पठानकोट के दौरे पर आए राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा नितिन नवीन तथा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की ओर से पंजाब के विभिन्न जिलों से आए नशा से पीडित परिवारों के साथ बैठक भी की गई तथा उनकी समस्याएं भी सुनी गई। कई परिवारों ने बताया कि उनके घरों के दो-दो चिरागों को नशा खा चुका है।
कईयों ने बताया कि उनका पति तथा किसी का भाई भी इस नशे की चपेट में आकर मौत का ग्रास बन चुका है। ऐसे में पीडित परिवारों ने बताया कि उन्हें फ्री बिजली,आटा तथा अन्य सुविधाएं नहीं चाहिए अपितु उनके बच्चे सही सलामत होने चाहिए तथा नशा पूरी तरह से खत्म होना चाहिए। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, सांसद तरुण चुघ, सांसद राघव चड्डा, संदीप पाठक व अन्य भी उपस्थित थे।
