विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक के बिल-21 को रखा बरकरार, सरकारी ड्यूटी पर पगड़ी व हिजाब पहनने पर प्रतिबंध जारी

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:52 PM (IST)

कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक के विवादित धर्मनिरपेक्षता कानून बिल-21 के अधिकांश प्रावधानों को बरकरार रखा है, जो सरकारी कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीक पहनने से रोकता है।

यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।

यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।

HighLights

  1. क्यूबेक के बिल-21 के अधिकांश प्रावधान सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखे

  2. सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर धार्मिक प्रतीक पहनने पर प्रतिबंध जारी

  3. नेशनल असेंबली सदस्यों के लिए चेहरा खुला रखने का प्रावधान रद

रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक सरकार के विवादित धर्मनिरपेक्षता कानून बिल-21 के अधिकांश प्रावधानों को बरकरार रखा है।

वर्ष 2019 में बनाए गए इस कानून के तहत सरकारी क्षेत्र के कुछ पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति नहीं होगी। इससे सिखों की पगड़ी, मुस्लिम महिलाओं के हिजाब और पारसियों की धार्मिक टोपी पहनने वाले लोगों पर भी प्रतिबंध का असर जारी रहेगा।

हालांकि, अदालत ने कानून के उस प्रावधान को रद कर दिया है, जिसके तहत क्यूबेक की नेशनल असेंबली के निर्वाचित सदस्यों के लिए चेहरा खुला रखना अनिवार्य किया गया था।

बिल-21 का उद्देश्य सरकारी संस्थानों में धर्मनिरपेक्षता और धार्मिक तटस्थता सुनिश्चित करना है। इसके तहत शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कुछ पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों को अपने धार्मिक विश्वासों से जुड़े प्रतीक पहनने से रोका गया है। इस कानून को सिख, मुस्लिम और अन्य धार्मिक संगठनों ने धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों के खिलाफ बताते हुए अदालत में चुनौती दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि क्यूबेक की विधायिका ने कनाडाई चार्टर ऑफ राइट्स एंड फ्रीडम्स की धारा 33 और क्यूबेक के मानवाधिकार चार्टर की धारा 52 के तहत मिली शक्तियों का वैध इस्तेमाल किया था। धारा 33 को नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज कहा जाता है। इसके तहत सरकार कुछ संवैधानिक अधिकारों से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद कानून लागू रख सकती है।

हालांकि, अदालत ने बिल-21 की धारा आठ को असंवैधानिक घोषित किया। इस प्रावधान के तहत नेशनल असेंबली के सदस्यों को कार्यवाही के दौरान चेहरा ढकने से रोका गया था।

अदालत के अनुसार, इससे धार्मिक मान्यताओं के कारण चेहरा ढकने वाले निर्वाचित प्रतिनिधियों के विधानसभा में बैठने और विधायी प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित होते हैं।

फैसले के बाद मुस्लिम संगठनों और अंग्रेजी भाषा के स्कूल बोर्ड ने निराशा जताई है, जबकि कुछ क्यूबेक नेताओं ने इसका स्वागत किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।