सीएए एक काला कानून: सुनील जाखड़
जागरण संवाददाता मोहाली जिला मोहाली से सीएए के खिलाफ यूथ कांग्रेस की मोटरसाइकिल रैली वी
जागरण संवाददाता, मोहाली : जिला मोहाली से सीएए के खिलाफ यूथ कांग्रेस की मोटरसाइकिल रैली वीरवार को गुरुद्वारा सिंह शहीदां से शुरू हुई। रैली को कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रवाना किया। इस दौरान आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी, यूथ कांग्रेस के प्रधान वरिदर ढिल्लों, जिला प्रधान कंवरबीर सिंह सिद्धू के अलावा कई बड़े कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे। रैली मोहाली से शुरू होकर खरड़, कुराली, रोपड़, बलाचौर, नवांशहर से होती हुई खटकलकलां में समाप्त होगी। सुनील जाखड़ ने कहा कि सीएए एक काला कानून है। अब देश की निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर है। लेकिन युवाओं ने इस कानून के खिलाफ जो अलख जलाई है वे अब पूरे देश में जलेगी। जाखड़ ने कहा कि ये संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक की सीएए जैसे काले कानून को वापस नहीं लिया जाता। शिरोमणि अकाली दल पर बोले जाखड़ ये एसएडी नही, बीएडी शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) नहीं बल्कि बीएडी ( बादल अकाली दल) है। सीएए पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के स्टैंड पर जाखड़ ने कहा कि वे अपनी कुर्सियां बचाने में लगे हैं। जनता उनको पहले ही जवाब दे चुकी है जब उन्होंने प्रदेश में बेअदबियां की निहत्थे सिघों पर गोलियां चलाई। इस कानून के खिलाफ पंजाब के वे युवा लड़ेंगे जिन्होंने कुर्बानियां दी।
पूरे देश में चलेगा अभियान : तिवारी वहीं आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि सीएए के खिलाफ युवाओं की ओर से जो कदम उठाए गए हैं वे अब पूरे देश में नजर आएंगे। देशभर में यूथ कांग्रेस इस कानून के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। भाजपा को जनता देगी जवाब : सिद्धू
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि भाजपा को जनता जबाब देगी। पढ़े लिखे लोग इस काले कानून को समझते हैं। इस कानून के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान कांग्रेस के कई अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।
नियमों की उड़ी धजिज्यां
वहीं सीएए के खिलाफ यूथ कांग्रेस की रैली के दौरान ट्रैफिक नियमों की खूब धज्जियां उड़ी। कई कांग्रेसी कार्यकर्ता बिना हेलमेट बाइक पर सवार थे। रैली के चलते गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास जाम जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान सीएए के खिलाफ युवाओं ने जमकर नारेबाजी की।