विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में सिंगर बनने के चक्कर में लुट गया कारोबारी, दुबई में म्यूजिक एल्बम के नाम पर 2.60 करोड़ की ठगी

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:10 PM (IST)

मोहाली में एक कारोबारी को म्यूजिक एल्बम बनवाने के नाम पर 2.55 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार होना पड़ा। ...और पढ़ें

सिंगर बनने का सपना दिखाकर कारोबारी से 2.55 करोड़ ठगे।

सिंगर बनने का सपना दिखाकर कारोबारी से 2.55 करोड़ ठगे।

HighLights

  1. मोहाली में म्यूजिक एल्बम के नाम पर 2.55 करोड़ की ठगी

  2. म्यूजिक प्रोड्यूसर ने दुबई में एल्बम बनाने का दिया था झांसा

  3. साइबर क्राइम थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी

जागरण संवाददाता, मोहाली। सिंगर बनने और अपना म्यूजिक एल्बम लान्च करने का सपना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। मोहाली में म्यूजिक एल्बम तैयार करवाने के नाम पर 2.55 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक म्यूजिक प्रोड्यूसर ने कारोबारी को दुबई में एल्बम की रिकॉर्डिंग से लेकर प्रोडक्शन और प्रमोशन तक की पूरी व्यवस्था करने का भरोसा दिया।

इसके लिए 2.60 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। कारोबारी ने जून 2026 में दो-तीन किस्तों में 2.55 करोड़ रुपये नकद दे दिए, जबकि पांच लाख रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा करवाए।

पूरी रकम लेने के बाद प्रोड्यूसर ने न तो एल्बम पर काम शुरू किया और न ही कारोबारी के फोन का जवाब दिया। पैसे वापस मांगने पर भी वह लगातार टालमटोल करता रहा। शिकायत की जांच के बाद स्टेट साइबर क्राइम थाना फेज-4 मोहाली में केस दर्ज किया गया है।

ऐसे शुरू हुई थी कारोबारी बातचीत

शिकायतकर्ता दमनप्रीत सिंह फेज-8 इंडस्ट्रियल एरिया में साउंड एक्सपर्ट्स के नाम से कंपनी चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरबख्श कोहली ने उनसे संपर्क कर खुद को म्यूजिक प्रोड्यूसर बताया था। उसने व्हाइट पर्ल और पर्ल म्यूजिक कंपनी का मालिक होने का भी दावा किया।

बातचीत आगे बढ़ी तो दोनों के बीच कारोबारी संबंधों के साथ दोस्ताना व्यवहार भी हो गया। इसी दौरान दुबई में म्यूजिक एल्बम तैयार करवाने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें रिकॉर्डिंग, प्रोडक्शन और विज्ञापन के जरिए एल्बम को प्रमोट करने की बात कही गई थी। पूरी परियोजना के लिए 2.60 करोड़ रुपये की डील तय की गई।

रकम लेने के बाद काम नहीं किया शुरू

शिकायत के अनुसार कारोबारी ने जून 2026 में तय रकम में से 2.55 करोड़ रुपये नकद दो-तीन बार में दिए। इसके अलावा पांच लाख रुपये संबंधित कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। पूरी रकम मिलने के बावजूद एल्बम की रिकॉर्डिंग तक शुरू नहीं हुई।

प्रोडक्शन और प्रमोशन का काम भी नहीं किया गया। जब कारोबारी ने प्रोजेक्ट की स्थिति जानने के लिए संपर्क किया तो प्रोड्यूसर ने फोन उठाना बंद कर दिया। रकम वापस मांगने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

वॉट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे

कारोबारी ने अपनी शिकायत के समर्थन में वॉट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। इसके आधार पर स्टेट साइबर क्राइम थाना फेज-4 में बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात बैंक खाते के उपयोगकर्ता और संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।