BJP-SAD का हुआ गठबंधन, चंडीगढ़ में मना जश्न; नगर निगम चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का लगभग 6 साल बाद गठबंधन हो गया है। चंडीगढ़ में दोनों दलों ने जश्न मनाया और आगामी निगम चुनाव में जीत का दावा किया।

भाजपा और शिअद के गठबंधन पर जश्न मनाते दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता।
HighLights
भाजपा और अकाली दल का 6 साल बाद गठबंधन हुआ।
चंडीगढ़ में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
निगम चुनाव में विरोधी पार्टियों को हराने का दावा किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में कई दशक तक साथ रहे और किसान आंदोलन के समय अलग हुए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का तकरीबन 6 वर्ष बाद फिर गठबंधन हो गया।
गठबंधन होने पर चंडीगढ़ में दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। भाजपा के सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय में दोनों दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जश्न मनाया।
23 दिसंबर को होने वाले चंडीगढ़ निगम चुनाव के मद्देनजर दोनों दलों के स्थानीय नेतृत्व का एक मंच पर आना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। दोनों दलों ने निगम चुनाव में जीत का दावा किया।
इस अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि दोनों दलों के पुनः साथ आने से निगम चुनाव में विरोधी पार्टियों को सबक सिखाएंगे। उनका कहना था कि भाजपा व अकाली दल राजनीतिक गठजोड़ से पहले भी शहर के विकास को लेकर एकजुट थे व अब औपचारिक रुप से साथ आने से शहर के विकास को और बल मिलेगा।
इस अवसर पर चंडीगढ़ अकाली दल के अध्यक्ष चरणजीत सिंह विल्ली ने कहा कि इससे निगम चुनावों में तो विरोधियों को पटकनी देंगे ही साथ ही शहर के विकास को भी नये आयाम मिलेंगे।
उनका कहना था कि दोनों दल न केवल मिलकर चुनाव लड़ेंगे, बल्कि केंद्र सरकार की विकासात्मक नीतियों को भी घर घर पहुंचाएंगे। इसके बाद दोनों पार्टियों के नेता व कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 34के गुरुद्वारा में सरवत दें भले की अरदास की व आज श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लंगर भी छका।