विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरु पर्व पर भाजपा-शिअद गठबंधन का एलान, इसी दिन कृषि कानून भी लिया था वापस; सिख भाईचारे को क्या संदेश दे रही BJP?

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:00 AM (IST)

गुरु पर्व के अवसर पर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद फिर से गठबंधन का ऐलान किया है। यह घोषणा उसी दिन हुई जब प्रधानमंत्री मोदी ने 2021 में कृषि कानूनों को वापस लिया था।

पीएम मोदी और सुखबीर बादल। फाइल फोटो

पीएम मोदी और सुखबीर बादल। फाइल फोटो

HighLights

  1. गुरु पर्व पर भाजपा-अकाली दल ने छह साल बाद फिर गठबंधन किया।

  2. यह वही दिन है जब 2021 में कृषि कानून वापस लिए गए थे।

  3. गठबंधन पंजाब में सिख भाईचारे से जुड़ाव का संदेश देता है।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। गुरु पर्व पर पंजाब सहित देश-दुनिया में जब सिख भाईचारा खुशियां मना रहा था तो राजग के अपने सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन का एलान कर भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ने न सिर्फ पंजाब, खासकर सिख भाईचारे के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े होने क संदेश दिया बल्कि यह भी साबित किया वह सिख धर्म को सत्कार देता है।

सबसे पुराने अल्पसंख्यक भाईचारे की राजनीतिक पार्टी शिअद से जुड़ाव भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर भी छवि निखारने में सहायक साबित होगा। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब से शुरू हुए किसान आंदोलन की वजह से भाजपा को काफी विरोध झेलना पड़ा था।

कृषि कानून वापस लेने का एलान

उस विरोध को शांत करने के लिए भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 नवंबर 2021 को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व यानि गुरु पर्व का ही दिन चुना था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिन ही कृषि कानूनों को वापस लेने का एलान किया था।

अब छह वर्ष पहले अलग हुए अपने सबसे पुराने सहयोगी शिअद के साथ दोबारा गठबंधन का एलान भी गुरु पर्व पर ही किया गया है। गठबंधन की घोषणा दोपहर एक बजे उस वक्त की गई, जिस वक्त सिख भाईचारा गुरद्वारा साहिब में गुरु पर्व की खुशियां मना रहा था।

शिअद-भाजपा में नाखून-मांस का रिश्ता

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन करीब 24 साल तक सत्ता का मजबूत समीकरण बना रहा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल इसे 'नाखून-मांस का रिश्ता' कहते थे। ू

इस रिश्ते में अकाली दल ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ के दम पर बड़ा साझेदार था, जबकि भाजपा शहरी हिंदू मतदाताओं के बीच अपने प्रभाव से गठबंधन को मजबूती देती थी।

दोनों दलों ने तीन बार पंजाब में साझा सरकार बनाई और केंद्र में भी एक-दूसरे के सहयोगी रहे। गठबंधन की चुनावी नींव 1996 में पड़ी, 1997 में 94-23 सीटों के फार्मूले पर पहली बार चुनाव लड़ा और सितंबर 2020 में कृषि कानून के विरोध में दोनों के रास्ते अलग हो गए।

1967 में जनसंघ के साथ शुरू हुई राजनीतिक नजदीकी

अकाली दल और भाजपा के रिश्तों की शुरुआत 1996 से नहीं, बल्कि भाजपा की पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के दौर से हुई थी। 1967 में पंजाब में गैर-कांग्रेसी सरकार के गठन में जनसंघ भी शामिल हुआ। 1969 में भी दोनों दल सत्ता में साथ रहे।

हालांकि, उस समय यह चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं, बल्कि चुनाव के बाद बना राजनीतिक समीकरण था। हिंदी और पंजाबी भाषा सहित विचारधारा के मुद्दों पर मतभेदों के बावजूद दोनों दल कांग्रेस के खिलाफ साथ आते रहे।

25 फरवरी 1996 को मोगा में प्रकाश सिंह बादल ने 'पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत' को अकाली दल की राजनीति का आधार बनाने की घोषणा की।

आतंकवाद के दौर के बाद पार्टी अपनी पंथक छवि से आगे बढ़कर पूरे पंजाब में राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाना चाहती थी। इस घोषणा ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता आसान किया।

94-23 सीटों के फार्मूले पर बनी पहली सरकार

1997 के विधानसभा चुनाव में कुल 117 सीटों में से अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया। अकाली दल को ग्रामीण और सिख बाहुल्य क्षेत्र मिले, जबकि भाजपा ने शहरी और अर्ध शहरी सीटों पर चुनाव लड़ा।

अकाली दल ने 75 और भाजपा ने 18 सीटें जीतकर सरकार बनाई। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद अकाली दल भी इसका हिस्सा बन गया। इससे गठबंधन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली।

सुखदेव सिंह ढींडसा, सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल केंद्र में मंत्री बने। पंजाब में भाजपा नेताओं को भी अकाली सरकार में मंत्री पद मिले थे।

2007 और 2012 में लगातार दो बार सत्ता

2007 में अकाली दल ने 49 और भाजपा ने 19 सीटें जीतकर 68 सीटों के साथ सरकार बनाई। सुखबीर सिंह बादल उपमुख्यमंत्री बने। 2012 में फिर 94-23 के फार्मूले पर चुनाव लड़ा गया। अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीटें जीतकर गठबंधन को लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचाया। पंजाब में पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल किया।

करीब ढाई दशक के रिश्ते में सत्ता की हिस्सेदारी और नीतियों को लेकर कई बार मतभेद हुए। भाजपा ने मनोरंजन कालिया को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई, लेकिन अकाली नेतृत्व सहमत नहीं हुआ। बिजली दरों में बढ़ोतरी पर भाजपा ने विरोध जताया और उसके कुछ मंत्रियों ने इस्तीफे की पेशकश भी की।

2013 में श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में ब्लू स्टार स्मारक के उद्घाटन को लेकर भी दोनों दलों में असहमति सामने आई। इसके बावजूद गठबंधन जारी रहा । 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल 15 और भाजपा तीन सीटों पर सिमट गई।

2019 का लोकसभा चुनाव दोनों ने साथ लड़ा, लेकिन सितंबर 2020 में गठबंधन टूट गया। 2022 में अकाली दल ने बसपा से समझौता किया, जबकि भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ा।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।