'दिल्ली की तरह पंजाब से भी AAP को कर देंगे खत्म...', नितिन नबीन ने दिया बड़ा संकेत; बोले-चंडीगढ़ से निकलेगा जीत का रास्ता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को पंजाब में पार्टी की जीत का रास्ता बताया। उन्होंने बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि भाजपा जल्द ही पंजाब में कांग्रेस को चुनौती देगी और कार्यकर्ताओं से चंडीगढ़ में कमल खिलाने का आह्वान किया।

चंडीगढ़ में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिया बड़ा संकेत।
HighLights
नितिन नबीन ने चंडीगढ़ चुनाव को पंजाब जीत का मूलमंत्र बताया।
भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार की योजनाओं के लाभ गिनाए।
भारत की मजबूत रक्षा नीति और सीमावर्ती गांवों पर जोर दिया।
रवि अटवाल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की राजनीति का पंजाब में भी असर पड़ता है। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा और 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
ऐसे में भाजपा ने चंडीगढ़ निगम चुनाव के जरिये पंजाब विधानसभा में जीत का मूलमंत्र अपनाया है, जिसका संकेत रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिया।
सेक्टर-27 में आयोजित सम्मेलन में पहुंचे नितिन नबीन ने दिल्ली में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि अब चंडीगढ़ निगम चुनाव के रास्ते पंजाब में भी पार्टी के विस्तार का रास्ता तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पंजाब से भी आम आदमी पार्टी (आप) को खत्म कर देंगे।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा जल्द ही पंजाब में भी कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों को चुनौती देगी। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने की अपील करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में कमल खिलाने का संकल्प लेकर जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ, चार करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ और तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में काम हुआ है।
भारत किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिवारों का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के सैनिकों को सम्मान और सुरक्षा मिली है। पहले सीमाओं पर सैनिकों के साथ होने वाली घटनाओं पर तत्कालीन सरकार मौन रहती थी, लेकिन आज भारत किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि दुनिया जानती है कि यह नया भारत है, जिसका नेतृत्व पीएम नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने सीमावर्ती गांवों को लेकर सरकार की सोच में आए बदलाव का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पहले सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हें देश का पहला गांव बताया। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।