अभिनेता योगराज सिंह के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, मोहाली के डेराबस्सी में भाजपा का प्रदर्शन
क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह ने बीते दिनों किसान आंदोलन की एक स्टेज पर हिंदू धर्म के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। जिसके बाद से योगराज के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
मोहाली, जेएनएन। क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह के हिंदू महिलाओं व हिंदू धर्म के के खिलाफ आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ मोहाली में लोगों का गुस्सा फूट गया है। डेराबस्सी भाजपा महिला मोर्चा ने प्रधान अनुपमा कालिया की अगुआई में रामलीला मैदान में रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य मुकेश गांधी भी उपस्थित हुए। बता दें कि एक दिन पहले ही तीन महिला अधिवक्ताओं ने एसएसपी मोहाली आफिस में योगराज के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत दी है।
अनुपमा कालिया ने कहा कि योगराज सिंह ने हिंदू महिलाओं के खिलाफ बहुत ही गलत व अशोभनीय टिप्पणी की है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगराज सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का केस दर्ज करके उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस मौके पर महिला मोर्चा डेरा बस्सी की उप प्रधान सरबजीत शेखों, मंडल डेरा बस्सी प्रधान शिव कुमार टोनी, निर्मल सिंह निम्मा, बृजेश मोदगिल, विजय कालिया, राजू बत्रा, रवींद्र बत्रा, दिनेश वैष्णव, संजीव मौदगिल, विशु भारद्वाज आदि के अलावा कई अन्य उपस्थित थे।
एसएसपी आफिस में दी केस दर्ज करने की शिकायत
बता दें कि एक दिन पहले शुक्रवार को तीन महिला अधिवक्ताओं ने एसएसपी मोहाली आफिस में जाकर योगराज के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए शिकायत भी दी थी। गौर हो कि बीते दिनों पंजाबी कलाकार योगराज सिंह ने किसान आंदोलन की एक स्टेज पर हजारों लोगों की उपस्थिति में दिए अपने भाषण में हिंदू धर्म के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था, जिसके बाद से योगराज के खिलाफ लोगों के मन में गुस्सा फूट गया है और प्रदेश के अलग-अलग जिले से हिंदू धर्म के लोग योगराज सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है।