वेंडर फ्री प्लाजाः वोट बैंक खिसकने के डर से भाजपा ने दिया व्यापारियों को खुला समर्थन
चंडीगढ़ के सेक्टर 17 बाजार से वेंडर हटाने के मामले में व्यापारी वोट बैंक खिसकता देख अब भाजपा पूरी तरह उनके समर्थन में उतर आई है।
[राजेश ढल्ल] चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा को व्यापारियों का वोट बैंक खिसकने का डर सताने लग गया है। इसलिए भाजपा वेंडरों को शिफ्ट करने के मामले में व्यापारियों के समर्थन में अा गई है। भाजपा ने भी सेक्टर-17 प्लाजा को वेंडर जोन मुक्त बनाने का समर्थन करते हुए प्रशासन पर जल्द से जल्द वेंडर शिफ्ट करने का दबाव बनाया है।
मालूम हो पिछले लोकसभा चुनाव में शहर के व्यापारियों ने भाजपा का खुलकर समर्थन किया था लेकिन इस समय बड़ा व्यापारी वर्ग अपने काम न होने के कारण भाजपा से नाराज चल रहा है। चुनाव के समय अपना वोट बैंक खिसकते देख अब भाजपा वेंडर जोन के मामले में व्यापारियों के साथ आकर खड़ी हो गई है। सेक्टर-17 को नो वेंडिंग जोन बनाने को लेकर भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन खुद बुधवार को गवर्नर हाउस में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को मिले हैं।
भाजपा और प्रशासन ने भी व्यापारियों को कहा है कि वह आंदोलन न करे लेकिन व्यापारी मानने के लिए तैयार नहीं है। जबकि बाजारों से वेंडरों शिफ्ट करने के मामले में शहर के सभी व्यापारी सगठन एक हो गए हैं। बिजनेस काउंसिल और व्यापार दोनो इस मांग पर एकजुट हैं। जबकि यह दोनों शहर के प्रमुख संगठन हैं।
अब व्यापारियों को लारा नहीं, एक्शन चाहिए
बिजनेस काउंसिल के चेयरमैन नीरज बजाज का कहना है कि लंबे समय से प्लाजा को वेंडर जोन मुक्त बनाने की बात चल रही है। हर बार अधिकारी झूठे आश्वासन दे रहे हैं लेकिन अब व्यापारी नहीं मानेंगे। उनका संघर्ष उस समय तक जारी रहेगा जब तक प्लाजा से वेंडर शिफ्ट नहीं हो जाता। ऐसा न होने पर सतापक्ष को लोकसभा चुनाव में खामियाजा भुगतना पड़ेगा। प्लाजा की दशा खराब होने से पूरा शहर नाराज है।
व्यापारी काफी परेशान
व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चड्ढा का कहना है कि व्यापारी उनकी दुकानों के बाहर बैठे वेंडरों से काफी परेशान हैं। अब व्यापारी चुप करके बैठने वाले नहीं है। प्रशासन को चाहिए जल्द से जल्द वेंडरों को प्लाजा से शिफ्ट करके राहत दे।
फड़ियां लगाकर करेंगे प्रदर्शन
शुक्रवार को सेक्टर-17 के व्यापारी फड़ियां लगाकर नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 19 दिसंबर को व्यापारी कमिश्नर को दुकानों की चांबी सौंपने के लिए जाएंगे।
इसी माह सेक्टर-17 हो जाएगा वेंडर फ्री जोनः टंडन
इस मामले में भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन का कहना है कि प्लाजा को वेंडर फ्री जोन बनाने के लिए वह कई दिनों से कमिश्नर केके यादव के संपर्क में हैं। बुधवार को उनकी गवर्नर वीपी सिंह बदनौर के साथ भी मुलाकात हुई है। गवर्नर ने आश्वासन दिया है कि प्रमुखता के आधार पर प्लाजा से जल्द से जल्द वेंडर हटा दिए जाएंगे। टंडन का कहना है कि उनकी व्यापारी भाइयों से अपील है कि इस काम के लिए आंदोलन और धरने करने की जरूरत नहीं है। इस माह के अंत तक सेक्टर-17 अपना पुराना स्वरूप फिर से पा लेगा। प्रशासक ने आश्वासन दिया है कि प्लाजा को वेंडर फ्री जोन के तौर पर ही डवलेप किया जाएगा।