विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP के बागियों पर BJP की नजर, संदीप पाठक निभा सकते हैं अहम भूमिका

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:48 PM (GMT+05:30)

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने आम आदमी पार्टी के भीतर संभावित टिकट असंतोष को भुनाने की रणनीति बनाई है।

संदीप पाठक की फाइल फोटो। (सोर्स- एएनआई)

संदीप पाठक की फाइल फोटो। (सोर्स- एएनआई)

HighLights

  1. भाजपा ने आप के असंतुष्ट नेताओं पर साधा निशाना।

  2. संदीप पाठक को जॉइनिंग कमेटी में मिली अहम जिम्मेदारी।

  3. दिसंबर मध्य तक आएगा भाजपा का संकल्प पत्र।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर संभावित टिकट असंतोष को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। आप की आगामी उम्मीदवार सूची में टिकट कटने से नाराज होने वाले नेताओं और संगठन में उपेक्षित महसूस कर रहे चेहरों पर भाजपा की नजर है।

ऐसे नेताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने छह सदस्यीय ज्वाइनिंग कमेटी का गठन किया है। विधायक जंगी लाल महाजन को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक को भी इसमें शामिल किया गया है।

कमेटी में संदीप पाठक की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पाठक आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे, नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और अंदरूनी समीकरणों से परिचित हैं। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने आप का संगठन तैयार करने और चुनावी रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

उम्मीदवारों के चयन सहित पार्टी के कई महत्वपूर्ण फैसलों में भी उनकी भागीदारी रही थी। पाठक ने 24 अप्रैल 2026 को आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। ऐसे में उनके पुराने राजनीतिक संपर्क भाजपा के लिए उपयोगी हो सकते हैं।

आम आदमी पार्टी की आगामी उम्मीदवार सूची को लेकर राजनीतिक हलकों में कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चाएं हैं। ऐसे में टिकट से वंचित रहने वाले नेताओं के सामने राजनीतिक भविष्य को लेकर नए विकल्प तलाशने की स्थिति बन सकती है। भाजपा इसी संभावित असंतोष को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की तैयारी में है। पार्टी की नजर केवल आप ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के प्रभावशाली नेताओं पर भी है।

दिसंबर के मध्य तक आएगा संकल्प पत्र

उधर, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ.सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी इस बार जनता की भागीदारी से घोषणा पत्र बनाएगी। इसके लिए गांव-गांव संकल्पनामा वैन भेजी जाएगी और अलग-अलग स्थानों पर सुझाव पेटियां रखी जाएंगी। लोगों से सुझाव लेने के लिए तीन मोबाइल नंबर और एक वाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है। इसके बाद दिसंबर के मध्य तक घोषणा पत्र जारी किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।