विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव में दूसरे राज्यों के कार्यकर्ता संभालेंगे मोर्चा, भाजपा ने उतारी हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल की टीम

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:22 PM (IST)

भाजपा ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल से अनुभवी कार्यकर्ताओं की टीम उतारी है। यह ...और पढ़ें

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला।

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला।

HighLights

  1. 35 वार्डों में तैनात किए दूसरे राज्यों से आए कार्यकर्ता।

  2. दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल के अनुभवी कार्यकर्ता पहुंचे।

  3. बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की है यह रणनीति।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी ने शहर के सभी 35 वार्डों में बाहरी राज्यों के अनुभवी कार्यकर्ताओं की तैनाती की है।

दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्थानीय संगठन के साथ मिलकर चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा की इस रणनीति को नगर निगम चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

खास बात यह है कि प्रवासी टीम में केवल संगठनात्मक अनुभव रखने वाले कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पार्षद और मेयर स्तर पर काम कर चुके पदाधिकारी भी शामिल हैं। इससे पार्टी स्थानीय निकायों से जुड़े मुद्दों और चुनावी प्रबंधन का अनुभव स्थानीय संगठन के साथ साझा करना चाहती है।

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे ने दूसरे राज्यों के अनुभवी कार्यकर्ताओं को मंडलों की जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्हें स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क रखने, मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और बूथ प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

प्रदेश अध्यक्ष मल्होत्रा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्थानीय संगठन और बाहर से आए पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर काम किया जाए। कार्यशाला में आगामी चुनाव की तैयारियों, स्थानीय मुद्दों, संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने को लेकर चर्चा हुई।

5 वार्डों में संगठनात्मक नेटवर्क किया जा रहा मजबूत

इस राजनीतिक रणनीति के पीछे भाजपा का उद्देश्य नगर निगम के सभी 35 वार्डों में संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करना है। बाहरी राज्यों से आए कार्यकर्ताओं को स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, वार्डों की समस्याओं और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को समझकर स्थानीय टीम के साथ काम करना होगा। पार्षद और मेयर रह चुके नेताओं का अनुभव भी चुनाव प्रबंधन में इस्तेमाल किया जाएगा।

कार्यशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी और संजीव राणा सहित प्रदेश भाजपा की पूरी टीम मौजूद रही। सभी जिलों के अध्यक्ष, जिला महामंत्री और 35 मंडलों के अध्यक्षों ने भी हिस्सा लिया।

राजनीतिक रूप से भाजपा की यह तैयारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में पार्टी के सामने अपने पार्षदों के प्रदर्शन, स्थानीय विकास कार्यों और वार्ड स्तर के मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच जाने की चुनौती होगी।

वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी चुनावी तैयारियों में जुटी हैं। ऐसे में भाजपा ने चुनाव से पहले ही बाहरी राज्यों के अनुभवी संगठनात्मक चेहरों को मैदान में उतारकर अपनी रणनीति के तहत मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय करनी शुरू कर दी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।