Punjab Assembly: आप के विश्वास प्रस्ताव पर भाजपा का काउंटर अटैक, समानांतर 'जनता विधानसभा' लगाएगी
Punjab Assembly Special Session पंंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 27 सितंबर को होगा। आम आदमी पार्टी की सरकार विधानसभा सत्र में विश्वास प्रस्ताव ला सकती है। दूसरी ओर भाजपा की समानांतर जनता विधानसभा लगाएगी। भाजपा इसमें आप सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है।
चंडीगढ़, जेएनएन। Punjab Assembly Special Session: आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा मंगलवार 27 सितंबर को बुलाए गया है। इस सत्र को लेकर पंजाब में सियासत गर्मा गई है। इस विशेष सत्र के जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने इसी दिन उसी समय सुबह 11 बजे 'जनता विधानसभा' लगाने का फैसला कर लिया है। इसमें पार्टी विधाानसभा में भगवंत मान सरकार द्वारा विश्वाास प्रस्ताव पेश किए जाने के जवाब में अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सकती है।
पंजाब भाजपा की कोर कमेटी ने लिया फैसला, बैठक में कैप्टन अमरिंदर व सुनील जाखड़ भी हुए शामिल
यह फैसला पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पठानकोट के विधायक अश्वनी शर्मा की अगुवाई में हुई कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, तीक्ष्ण सूद, राजकुमार वेरका आदि शामिल हुए।
भाजपा के सत्र में मुख्यमंत्री के खिलाफ लाया जा सकता है अविश्वास प्रस्ताव
इस बैठक में फैसला लिया गया है कि भाजपा कल अपनी विधान सभा लगाएगी। अश्वनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पिछले 10-12 दिनों से लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रही है। वह बात तो लोकतंत्र और संविधान की करती है लेकिन उसी को तोड़ने का काम करती है। राज्यपाल ने जब सत्र को लेकर सवाल खड़े किए तो इन्हीं के मंत्री व मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पद पर सवाल खड़े कर दिए।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि कल भाजपा के दोनों विधायक विधान सभा तो जाएंगे लेकिन वह पवित्र विधान सभा को अरविंद केजरीवाल की तुष्टि का स्थल नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कल जनता विधान सभा लगाएगी। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल होंगे।
जनता विधानसभा की कमान संभालेंगे सुनील जाखड़
जानकारी के अनुसार भाजपा सेक्टर 37 में ही बत्रा सिनेमा के पास सुबह 11 बजे जनता की विधान सभा लगाएगी। इसकी कमान सुनील जाखड़ के हाथों में होगी। क्योंकि 2013 से लेकर 2015 तक कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रहते हुए जाखड़ बादल सरकार के खिलाफ समानांतर विधान सभा चलाते थे। पार्टी सूत्र बताते हैं कि एक तरफ विधान सभा में जहां आप सरकार विश्वास प्रस्ताव लाएगी वहीं, दूसरी तरफ जनता विधान सभा में आप सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार भाजपा ने यह काउंटर अटैक इसलिए भी किया है क्योंकि विधान सभा में भाजपा के दो ही विधायक है। ऐसे में भाजपा को बोलने का समय महज कुछ मिनट ही मिलता है। जबकि जनता विधान सभा में भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाल सकती है।
भाजपा की मांग- एयरपोर्ट का नाम भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए सरकार लाए पीएम के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव
मोहाली स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर रखने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद भाजपा विधायक व प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने स्पीकर को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने के लिए कहा है। भाजपा विधायक ने कहा, स्पीकर को पत्र लिख दिया है। क्योंकि एयरपोर्ट का नाम भगत सिंह पर रखे जाने की पंजाब की बहुत पुरानी मांग थी। जिसे प्रधानमंत्री ने पूरी कर दी है। अत: कल के सत्र में प्रधानमंत्री का धन्यवाद प्रस्ताव लाना चाहिए।
विधानसभा में क्यों नहीं लगेगी समानांतर सदन
आम तौर पर विधान सभा में ही समानांतर सदन लगती रही है लेकिन भाजपा इसे खुले में सेक्टर 37 में लगाएगी। इसका मुख्य कारण यह भी है कि भाजपा के मात्र को विधायक है। समानांतर सत्र चलाने के लिए ज्यादा लोगों की आवश्यकता है। अगर पूर्व विधायक इस सत्र में हिस्सा लेते है तो स्पीकर इसकी इजाजत नहीं देंगे। वहीं, खुले में समानांतर विधान सभा चलाने से पार्टी को ज्यादा लाभ मिलेगा।