विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अकाली नेता मजीठिया को बड़ी राहत, पत्नी और बच्चों संग जा सकेगा विदेश; मोहाली कोर्ट से सशर्त अनुमति

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:03 PM (IST)

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली की विशेष अदालत ने पत्नी और बच्चों के साथ विदेश यात्रा की सशर्त अनुमति दे दी है। उन्हें 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक विदेश जाने के लिए 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी सहित आठ शर्तों का पालन करना होगा।

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया।

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया।

HighLights

  1. विदेश रवानगी से पहले 30 लाख बैंक गारंटी जमा करानी होगी।

  2. 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक मंजूरी मिली।

  3. 30 लाख बैंक गारंटी सहित आठ शर्तों का पालन करना होगा।

जागरण संवाददाता, मोहाली। आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को विदेश यात्रा के लिए अदालत से मंजूरी मिल गई है। मोहाली की विशेष अदालत ने उन्हें 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक पत्नी और बच्चों के साथ विदेश जाने की अनुमति दी है।

हालांकि इस दौरान उन्हें अदालत की ओर से तय आठ शर्तों का पालन करना होगा। विदेश रवाना होने से पहले 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का क्षतिपूर्ति बांड जमा कराना होगा। मजीठिया ने अदालत में याचिका दायर कर विदेश जाने की अनुमति मांगी थी।

उन्होंने दलील दी थी कि इस मामले में उनका पासपोर्ट जांच एजेंसी के पास जमा है। वह पहले पुलिस सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति रहे हैं और सीमा पार आतंकी संगठनों व गैंग्सटरो की हिट लिस्ट में होने के कारण उनकी सुरक्षा को खतरा रहा है।

इसी को देखते हुए उन्होंने अपनी यात्रा का पूरा कार्यक्रम बंद लिफाफे में अदालत को सौंपा था। बचाव पक्ष ने अदालत में कहा कि मामले में मजीठिया से संबंधित जांच पूरी हो चुकी है और 22 अगस्त 2025 को उनके खिलाफ चालान भी पेश किया जा चुका है।

वह अब तक अदालत की कार्यवाही में लगातार पेश होते रहे हैं और पहले लगाई गई शर्तों का भी पालन किया है। इन दलीलों पर विचार करने के बाद अदालत ने उन्हें निर्धारित अवधि के लिए विदेश यात्रा की अनुमति दे दी।

वापसी पर फिर जमा कराना होगा पासपोर्ट

अदालत ने आदेश दिया है कि मजीठिया को 6 जनवरी 2027 तक हर हाल में भारत लौटना होगा। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर विदेश में रुकने की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें विदेश में ठहरने का पूरा पता, सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अदालत में देनी होगी। इसके साथ ही पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति भी जमा करानी होगी।

बैंक गारंटी और क्षतिपूर्ति बांड मोहाली शहर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी स्थानीय बैंक से देना होगा। इसके लिए एक जमानती भी पेश करना होगा। मजीठिया को अपनी चल और अचल संपत्तियों का पूरा विवरण, उनके स्थान और अनुमानित कीमत के साथ हलफनामा देना होगा।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान मजीठिया अपनी पहचान को लेकर कोई विवाद नहीं करेंगे। उनकी अनुपस्थिति में उनके वकील कार्यवाही में शामिल होंगे और मुकदमे को लंबा खींचने का प्रयास नहीं किया जाएगा।

30 लाख रुपये बैंक गारंटी

सभी शर्तों का पालन और दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही पासपोर्ट अस्थायी तौर पर लौटाया जाएगा। भारत वापस आने पर उन्हें पासपोर्ट फिर अदालत में जमा कराना होगा। अदालत ने यह भी कहा कि किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का क्षतिपूर्ति बांड बिना अलग सुनवाई के राज्य सरकार के पक्ष में जब्त किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।