मोहाली में दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने 10 मिनट में घर और सैलून पर चलाईं गोलियां; CCTV में वारदात कैद
मोहाली में बाइक सवार दो युवकों ने 10 मिनट के भीतर दो जगहों पर फायरिंग कर दहशत फैलाई। हमलावरों ने हेयर मास्टर सैलून और आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह के घर को निशाना बनाया।

फेज 11 फायरिंग की सूचना मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
HighLights
मोहाली में बाइक सवारों ने 10 मिनट में दो जगह फायरिंग की
हेयर मास्टर सैलून और आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह का घर निशाना बना
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, गैंग कनेक्शन की जांच जारी
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली में शनिवार को बाइक सवार दो युवकों ने 10 मिनट में दो जगह फायरिंग कर दहशत फैला दी। पहली वारदात दोपहर 3:12 बजे सेक्टर-79 स्थित हेयर मास्टर सैलून पर हुई। इसके ठीक 10 मिनट बाद 3:22 बजे हमलावरों ने फेज-11 की कोठी नंबर-293 को निशाना बनाया।
यहां रहने वाले आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह के घर पर तीन गोलियां चलाई गईं। दोनों वारदातों को अंजाम देने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। दोनों घटनाओं में हमलावर सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फायरिंग के पीछे किस गैंग का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है।
हेयर मास्टर सैलून पर इससे पहले भी 5 सितंबर को फायरिंग हुई थी। उस मामले में तीन शूटर गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें एक को मोहाली और दो को चंडीगढ़ पुलिस ने पकड़ा था। अब दोबारा सैलून को निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस इस घटना के पुराने मामले से भी तार जोड़कर जांच कर रही है।
फेज-11 की कोठी नंबर-293 में रहने वाले हरप्रीत सिंह पेशे से आर्किटेक्ट हैं और प्रापर्टी का कारोबार भी करते हैं। शनिवार दोपहर करीब 3:22 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर पहुंचे और उनकी कोठी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने पहली मंजिल की तरफ दो गोलियां चलाईं। उस समय बालकनी की ग्रिल पर कंबल सूख रहे थे, जिन पर गोलियां लगीं।
घर के अंदर मौजूद हरप्रीत सिंह को शुरुआत में आवाज पटाखे चलने जैसी लगी। वह देखने के लिए बालकनी में पहुंचे तो हमलावरों ने एक और गोली चला दी। यह गोली उनके बेहद करीब से निकल गई। गनीमत रही कि वह इसकी चपेट में नहीं आए।
फायरिंग के तुरंत बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। हरप्रीत सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद खरड़ क्राइम ब्रांच, एजीटीएफ आपरेशन सेल और फेज-11 थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए हैं।
हरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में किसी के साथ पुरानी रंजिश या विवाद होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनसे किसी ने रंगदारी नहीं मांगी और न ही उन्हें पहले कोई धमकी मिली थी। पुलिस ने दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों और गैंग की तलाश
दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस दोनों घटनास्थलों और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही कि वारदातों के पीछे किस गैंग का हाथ है।
हेयर मास्टर सैलून के मालिक को पहले गैंग्सटर लक्की पटियाल की धमकी भी आ चुकी है, जिसकी एक रिकार्डिंग भी वायरल हुई थी। इसी रंगदारी के मकसद से 5 सितम्बर को सैलून पर फायरिंग हुई थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।