विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गुजरात में चुनावी रैली में बोले भगवंत मान- आप किसी की 'बी' टीम नहीं, यह 130 करोड़ भारतीयों की पार्टी

By Jagran NewsEdited By: Kamlesh Bhatt
Published: Fri, 28 Oct 2022 09:50 PM (IST)

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुजरात के पंचमहल में चुनावी रैली को संबोधित किया। भगवंत मान ने कहा कि ...और पढ़ें

गुजरात के पंचमहल में जनसभा को संबोधित करते पंजाब के सीएम भगवंत मान। फोटो आप
गुजरात के पंचमहल में जनसभा को संबोधित करते पंजाब के सीएम भगवंत मान। फोटो आप

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विरोधियों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी किसी की बी टीम नहीं है। यह 130 करोड़ भारतीयों की पार्टी है। विरोधी पार्टियां आप को भाजपा की बी टीम बताकर बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग पिछले 27 वर्षों से सत्ताधारी भाजपा के राजनीतिक किले को ध्वस्त कर व आप की सरकार बनाकर नए राजनीतिक युग की शुरुआत करेंगे। गुजरात के पंचमहल में एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि गुजरात के लोगों ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। इस बार लोग एक मौका आप को देना चाहते हैं।

भाजपा की आलोचना करते हुए मान ने कहा कि भगवा पार्टी ने लोगों को लूटकर अपने चंद कारपोरेट दोस्तों के जेब में पैसे डाले, जबकि आम लोग शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं। अब गुजरात के लोग भाजपा से इसका हिसाब लेंगे। इस बार दिल्ली और पंजाब की तरह गुजरात के लोग भी भारी बहुमत से राज्य में आप की सरकार बनाएंगे।

भगवंत मान ने कहा कि आप की रैलियों में भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है और यही भी भाजपा के बौखलाहट का कारण है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस 'कांग्रेस चेंज नहीं एक्सचेंज पार्टी है'। उनके विधायक भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे रहते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि कांग्रेस का जहाज डूब रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोग कांग्रेस और भाजपा से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं। पहले लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था, लेकिन अब उनके पास आम आदमी पार्टी के रूप में एक ईमानदार और बेहतर विकल्प है।उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात में भी बदलाव की हवा चल रही है। आप का झाड़ू गुजरात समेत पूरे देश में फैली सियासी गंदगी को साफ करेगा।

पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई जन हितैषी कामों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर दिया है, जिसे 2004 में बंद कर दिया गया था। इसके अलावा छह प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में 36,000 कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। हाल ही में लगभग 9000 कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने के लिए राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी की है।