मान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- खैहरा को फैसले पसंद नहीं हैं तो वे पार्टी क्यों नहीं छोड़ते
आम आदमी पार्टी के सांसद व पूर्व प्रदेश प्रधान भगवंत मान ने खैहरा मामले पर लंबे समय बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। वह खैहरा पर जमकर बरसे।
जेएनएन, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के सांसद व पूर्व प्रदेश प्रधान भगवंत मान ने खैहरा मामले पर लंबे समय बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। पंजाब में लगातार आम आदमी पार्टी में चली गुटबाजी को लेकर उन्होंने कहा है कि पंजाब खैहरा का नहीं है। उन्होंने सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि जब खैहरा को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाया गया तभी उनमें खुद्दारी कैसे जागी।
मान ने कहा कि खैहरा द्वारा लगाए जा रहे सारे आरोप गलत हैं। मान ने खैहरा के साथ शामिल न होने वाले विधायकों को मिल रही धमकी कि उन्हें गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा पर अफसोस जाहिर किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एेसा न करने की अपील की। साथ ही उन्होंने खैहरा को चुनौती दी कि वे बताएं कि उन्होंने (मान ने) कब आना है।
उन्होंने कहा खैहरा अपने भले की राजनीति करते हैं। पार्टी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। जल्द ही पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही भी करने की तैयारी कर रही है। मान ने कहा कि खैहरा की आस्था किसी भी पार्टी या नेता के प्रति सिर्फ दो महीने के लिए रहती है। उसके बाद वह उसी पार्टी के नेता को भला बुरा कहने लगते हैं।
मान ने खैहरा के साथ गए पार्टी विधायकों से अपील की कि वे पार्टी के साथ आ जाएं। खैहरा पार्टी को तोड़ रहे हैं। अगर खैहरा को पार्टी के फैसले पसंद नहीं हैं तो वे पार्टी क्यों नहीं छोड़ते।
कंवर संधू बनना चाहते नेता प्रतिपक्ष
भगवंत मान ने कंवर संधू को भी कठघरे में खड़ा किया। कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष को लेकर विवाद चल रहा था तब संधू ने दिल्ली में मनीष सिसोदिया से कहा कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष बना दिया जाए। मान ने कहा कि वह 10 दिनों से बीमार थे इस वजह से पार्टी के ताजा घटनाक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया नहीं कर पा रहे थे।
केजरीवाल जब तक मजीठिया मामले में स्पष्टीकरण नहीं देते तब तक नहीं लूंगा प्रधान पद
मान ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक केजरीवाल मजीठिया से माफी मांगने के मामले में स्पष्टीकरण नहीं दे देते वे प्रधान का पद नहीं लेंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें