Birthday Special: कलाकार से CM तक... 11 साल में तय किया मुख्यमंत्री की कुर्सी का सफर, कैसी रही भगवंत मान की पॉलिटिकल जर्नी?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 17 अक्टूबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने 2011 में राजनीति में प्रवेश ...और पढ़ें

सीएम मान के जन्मदिन पर जानें खास बातें।
HighLights
18 साल की उम्र में पहली ऑडियो कैसेट जारी की
2011 में राजनीति में एंट्री, 11 साल में बने मुख्यमंत्री
पहली पत्नी अमेरिका में, 2022 में डॉ. गुरप्रीत से शादी
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 17 अक्टूबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की तमाम बड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
एक साधारण शिक्षक परिवार से निकलकर 18 साल की उम्र में पहली ऑडियो कैसेट से लोकप्रियता हासिल करने वाले भगवंत मान ने हास्य कला के मंचों पर 'जुगनू' बनकर राज किया।
टीवी शो 'जुगनू मस्त मस्त' और 'ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' से घर-घर में पहचान बनाने के बाद उन्होंने 2011 में राजनीति में कदम रखा और महज 11 सालों के छोटे से सफर में पंजाब के सर्वोच्च पद यानी मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे।
आज जन्मदिन के मौके पर एक नजर डालते हैं सीएम भगवंत मान के कॉमेडियन से लेकर सीएम बनने तक के सफर पर।
एक स्कूली शिक्षक के परिवार से आते हैं मान
आज पंजाब का सीएम बन राजनीति कर रहे भगवंत मान की पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वो एक स्कूली शिक्षक के परिवार से आते हैं। साल 1973 में संगरूर में जन्मे भगवंत मान ने शहीद उधम सिंह सरकारी कॉलेज से वाणिज्य में ग्रेजुएशन की है।
18 की उम्र में चखा लोकप्रियता का स्वाद
सीएम मान ने उस उम्र में लोकप्रियता का स्वाद चख लिया था जिस उम्र में बच्चे खेलते-कूदते हैं। सिर्फ 18 साल की उम्र में उन्होंने अपनी ऑडियो कैसेट जारी की। इसके बाद उन्होंने टीवी शो 'जुगनू कहंदा है' और 'जुगनू मस्त मस्त' से ऐसी लोकप्रियता पाई की घर-घर फेमस हो गए।

फिर बने कॉमेडी के बादशाह
अभी मान का सम्मान और आगे जाना था तो उन्होंने टीवी शो से आगे बढ़कर अपने कॉमेडियन अवतार से सभी को हंसाया। उन्होंने स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले 'ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में भाग लिया और फिर क्या था वहीं से हुआ उनके कॉमेडियन रूप का जन्म। मान ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'मैं मां पंजाब दी' में भी एक्टिंग कर अपने चाहने वालों का दिल जीता।
फिर मारी राजनीति में एंट्री
हास्य कलाकार बन लोगों का दिल जीतने वाले मान ने अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल द्वारा स्थापित पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब में एंट्री की। इसके बाद साल 2012 में पहली बार लेहरा (संगरूर) से पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा।
जब बादल ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया तो मान ने आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल के न्योते पर आप में शामिल होने का मन बना लिया।
यहीं से शुरू हुआ कामयाबी का असली सिलसिला और साल 2014 में मान ने संगरूर लोकसभा सीट से अकाली नेता एसएस ढिंडसा के खिलाफ सफलतापूर्वक चुनाव लड़ा।

राजनीति में आने के 11 सालों के अंदर बने सीएम
मान 2017 में पंजाब विधानसभा चुनावों में सबसे प्रमुख चेहरा बन उभरे। इसके बाद मान ने 2019 के आम चुनाव में बंपर जीत हासिल की और 16 मार्च 2019 को पंजाब के सीएम के रूप में शपथ ली।
यह भी पढ़ें- 'जुगनू में पुलिसवाला बनता था, जानता हूं कितनी मुश्किल...', पंजाब पुलिस के लिए CM भगवंत मान का बड़ा एलान
अमेरिका में रहती है सीएम मान की पहली पत्नी
मान न सिर्फ प्रोफेशनल लाइफ में बल्कि पर्सनल लाइफ में भी काफी फेमस हैं। जी हां, उनकी एक नहीं दो शादियां हैं और पहली पत्नी अमेरिका में रहती हैं। सीएम मान ने साल 2022 में डा. गुरप्रीत कौर से शादी रचाई जो पेशे से डॉक्टर हैं।
