बरनाला सकुशल व स्वस्थ, दिनभर उड़ती रहीं अफवाहें
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व कई राज्यों के राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला पूरी तरह स्वस्थ और सकुशल हैं। वे चंडीगढ़ में अपने आवास पर पूरी तरह ठीक हैं। सोशल मीडिया पर उनके निधन की निराधार पोस्टों से बरनाला परिवार व उनके समर्थक बेहद आहत हैं।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व कई राज्यों के राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला पूरी तरह स्वस्थ और सकुशल हैं। वे चंडीगढ़ में अपने आवास पर पूरी तरह ठीक हैं। सोशल मीडिया पर उनके निधन की निराधार पोस्टों से बरनाला परिवार व उनके समर्थक बेहद आहत हैं।
यह भी पढ़ें : हाफिज सईद से मिल चुके गोपाल चावला फिर पीएसजीपीसी महासचिव नियुक्त
मंगलवार रात करीब नौ बजे किसी ने वाट्सएप पर पोस्ट कर दी कि पूर्व सीएम सुरजीत सिंह बरनाला का निधन हो गया है। यह कुछ ही पलों में पोस्ट हजारों लोगों के मोबाइल पर भेज दी गई। इसके बाद परिवार से दुख जताने वालों की फोन की घंटियां घनघनाने लगीं।
सुरजीत सिंह बरनाला के राजनीतिक सचिव जत्थेदार गुरमेल सिंह छीनीवाल के अनुसार, बरनाला कई दिनों से चंडीगढ़ पीजीआइ में इलाज करवा रहे थे। सोमवार को डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया। उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पुरानी कहावत है कि किसी की मौत की खबर फैल जाने से संबंधित व्यक्ति की आयु बढ़ जाती है।
उन्होंने सरदार बरनाला की लंबी आयु की कामना की और राजनीतिक क्षेत्र में लोगों का मार्गदर्शन करते रहने की इच्छा जताई।उधर बरनाला की पत्नी व शिअद (लोंगोवाल) की अध्यक्ष बीबी सुरजीत कौर बरनाला ने कहा कि कुछ ओछे किस्म के लोग ऐसी अफवाहें फैलाते हैं, जिनका कोई वजूद नहीं होता।
करीब 90 साल के बरनाला उत्तराखंड के पहले राज्यपाल थे। वह तमिलनाडु के राज्यपाल भी रहे हैं। वह मोरारजी देसाई सरकार में कृषि मंत्री भी रहे।