दो साल बाद फिर खुला सिटको का बैठक रेस्टोरेंट
2016 से बंद चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) का बैठक रेस्टोरेंट फिर से शुरू हो गया है।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़ : 2016 से बंद चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) का बैठक रेस्टोरेंट फिर से शुरू हो गया है। सिटको ने एक प्राइवेट कंपनी को इसे 11 लाख रुपये प्रति माह रेंट पर दे दिया है। जीएसटी इस पर अलग से लगेगा। पिछले से लगभग दोगुने रेंट पर सिटको ने बैठक को अलॉट किया है। अब देखना यह होगा कि कंपनी इतना रेंट अदा करने के बाद इसे चला पाती है या नहीं। प्राइवेट कंपनी ने बैठक को चलाना भी शुरू कर दिया है। कलाग्राम स्थित बैठक रेस्टोरेंट को 2015 में प्राइवेट कंपनी को 6 लाख 5 हजार रुपये प्रतिमाह रेंट पर दिया था। लेकिन यह कंपनी कुछ महीने ही इसे चला पाई। नवंबर 2016 से बैठक रेस्टोरेंट बंद पड़ा था। कंपनी से कई महीनों का किराया तक सिटको को नहीं मिला था। रेस्टोरेंट बंद होने से सिटको को सालाना लाखों का रेवेन्यू लॉस हो रहा था। इसको देखते हुए सिटको ने बैठक को प्राइवेट कंपनी को सौंप दिया है। हालांकि सिटको के लिए यह फायदे का सौदा है। कंपनी ने रिकॉर्ड 11 लाख के रेंट पर इसे लिया है। स्टाफ और जीएसटी के बाद प्रति माह 20 लाख से अधिक खर्च करना होगा। इससे ऊपर बिजनेस होने पर ही कंपनी को कुछ बचेगा। कलाग्राम ग्राउंड शादी-पार्टी के लिए होगा रेंटआउट
बैठक के साथ ही सिटको ने कलाग्राम के ग्राउंड को भी रेंट पर देने की तैयारी कर ली है। इस ग्राउंड पर शादी-पार्टी हो सकेगी। सिटको ने इसके लिए कल्चरल डिपार्टमेंट से मंजूरी मांगी है। मंजूरी के बाद बैठक रेस्टोरेंट चलाने वाली कंपनी को ही यह ग्राउंड दिया जाएगा। इसकी मेंटेनेंस से लेकर ऑपरेशन उसी के पास रहेगा। अगर ऐसा होता है, तो शादी-पार्टी के लिए यह प्राइम लोकेशन बन सकती है। अभी चंडीगढ़ में शादी-पार्टी के लिए इतना ओपन स्पेस नहीं है। जिस कारण अधिकतर लोग जीरकपुर जाकर शादी-पार्टी करना पसंद करते हैं। कलाग्राम शहर से बाहर मनीमाजरा में मध्य मार्ग पर स्थित है। शहर से बाहर होने के कारण जाम की दिक्कत भी नहीं है। कलाग्राम के साथ काफी खाली एरिया है जिस कारण पार्किंग की दिक्कत भी नहीं है। अभी कलाग्राम का ग्राउंड नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के पास है। यहां पर क्राफ्ट मेले आदि का आयोजन होता है। अधिकतर समय यह खाली ही रहता है। ड्रॉप इन भी खुला
सिटको का सेक्टर-34 स्थित ड्रॉप इन भी कुछ समय पहले ही खुला है। इसे सिटको ने डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह के रेंट पर दिया है। फिलहाल ड्रॉप इन में मेंटेनेंस वर्क चल रहा है। इससे पहले ड्रॉप भी कई सालों से बंद था। इन दोनों आउटलेट के खुलने से सिटको को अच्छा रेवेन्यू मिलना शुरू हो गया है। चाइनीज रेस्टोरेंट भी प्राइवेट हाथों में
सिटको ने अपने फाइव स्टार होटल माउंट व्यू के चाइनीज रेस्टोरेंट को भी प्राइवेट हाथों में सौंपने की तैयारी कर ली है। इसके लिए सिटको ने प्रतिमाह तीन लाख रुपये का रेंट निर्धारित किया है। इस पर जीएसटी अलग से देना होगा। हालांकि एक बार टेंडर करने पर कोई कंपनी फाइनल नहीं हो सकी है।