रात को सौ रुपये को लेकर हुआ विवाद, सुबह चाकू मारकर कर दिया घायल
रंजिश के चलते एक युवक ने अगले दिन सुबह दूसरे युवक पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: दो युवकों को बीच 100 रुपये की बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। इसी बात की रंजिश के चलते एक युवक ने अगले दिन सुबह दूसरे युवक पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर वारदात में घायल हुए अमनदीप (24) के बयानों के आधार पर मनोज (18) के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार अमनदीप और मनोज के बीच रविवार रात को 100 रुपये को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस भी हुई थी। इस दौरान अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों को लड़ने से रोक लिया। काफी बहस के बाद दोनों युवक अपने-अपने घर चले गए थे। लेकिन मनोज रात से ही इस बात को लेकर बेहद गुस्से में था।
वही जब सुबह के समय दोनों आमने सामने आए तो दोनों बीच फिर से इसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मनोज ने अमनदीप पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अमनदीप को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि अमनदीप के दिए बयान के आधार पर आरोपित मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक मनोज और अमनदीप गांव दड़वा के रहने वाले हैं।