पंजाब में कोराेना का हमला तेज हुआ, 24 घंटे में 849 नए मरीज और 16 की मौत
पंजाब में कोरोना वायरस का हमला तेज हो गया है। राज्य में 24 घंटे में 849 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इस दौरान राज्य में 16 मरीजाें की मौत हो गई।
चंडीगढ़/जालंधर, जेएनएन। पंजाब में कोरोना का हमला तेज हो गया है। राज्य में 24 घंटे में कोरोना के 849 नए केस आए। एक दिन में इससे पहले अधिकतम 614 केस आए थे। कुल 16 मरीजों की मौत हो गई जिनमें सबसे ज्यादा लुधियाना में छह ने दम तोड़ा। 16 में से नौ मरीज पहले से ही कई बीमारियों से पीडि़त थे। प्रदेश में मरने वालों की संख्या 398 हो गई है, जबकि कुल केस 16,514 हो गए हैैं। 225 और लोगों के ठीक होने के साथ ही कुल संख्या 10,734 हो गई है।
एक डीएसपी, छह एएसआइ सहित आठ कैदी भी पॉजिटिव, बठिंडा में दो व होशियारपुर में एक मरीज की मौत
लुधियाना में 58 व 47 साल के दो पुरुषों, 24 साल की युवती और 43, 65 व 66 साल की महिलाओं की मौत हो गई। इनमें से पांच मरीज पहले से ही कुछ और बीमारियों से पीडि़त थे। जिले में कुल 226 पॉजिटिव केस आए जिनमें आठ मरीज दूसरे जिलों के हैैं। जालंधर में 55 व 70 साल के पुरुषों और 49 साल की महिला की मौत हो गई। तीनों को डायबिटीज, हाइपरटेंशन व ब्लड प्रेशर पहले से ही था। महिला लुधियाना की रहने वाली थी। कुल 100 केस आए जिनमें दो अन्य जिलों के हैैं।
सबसे ज्यादा लुधियाना में 224 केस, पटियाला में 126, जालंधर में 100
अमृतसर में पांच एएसआइ सहित 71 नए मरीज सामने आए, जबकि गुरु रामदास नगर के 61 वर्षीय बुजुर्ग, पंडोरी रमाणा की 75 वर्षीय महिला, सिद्धपुर खुर्द के 76 वर्षीय बुजुर्ग व शरीफपुरा के 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। होशियारपुर के दसूहा में 91 साल की बुजुर्ग की मौत हो गई जो शुगर की बीमारी से पीडि़त था। बठिंडा में दो मरीजों की मौत हो गई।
लुधियाना में छह, अमृतसर में चार, जालंधर में तीन लोगों ने दम तोड़ा, दस मरीज वेंटीलेटर पर
पटियाला में 126 और संगरूर में 24 केस आए जिनमें एचडीएफसी बैंक के चार कर्मचारी भी हैैं। बरनाला में एक डीएसपी, एक एएसआइ व आठ कैदी भी पॉजिटिव आए हैैं। प्रदेश में कोरोना के 145 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। 135 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैैं, जबकि दस को वेंटीलेटर पर रखा गया है।
-----
कुल केस/24 घंटे में- 16,514/849
कुल सक्रिय केस/24 घंटे में- 5,382/608
कुल स्वस्थ हुए/24 घंटे में- 10,734/225
कुल मृत्यु/24 घंटे में- 398/16
कुल टेस्ट/24 घंटे में- 5,82,573/10,506