कांग्रेस के टिकट के दावेदारों को शार्ट लिस्ट करेगी आशा-छाबड़ा की कमेटी
चंडीगढ़ लोकसभा सीट के लिए दावेदारों का नाम शार्ट लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंडीगढ़ के लिए भी कमेटी का गठन कर दिया है।
चंडीगढ़, राजेश ढल्ल: चंडीगढ़ लोकसभा सीट के लिए दावेदारों का नाम शार्ट लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने हर प्रदेश के साथ साथ चंडीगढ़ के लिए भी कमेटी का गठन कर दिया है जो कि 20 फरवरी तक कांग्रेस टिकट के दावेदारों का नाम हाईकमान को भेजेगी। मालूम हो कि जो यह कमेटी नाम शार्ट लिस्ट करके भेजेगी उन्हीं में से उम्मीदवार फाइनल किया जाएगा। इस समय चंडीगढ़ लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, मनीष तिवारी, नवजोत कौर सिद्धू प्रबल दावेदार है जबकि पांच नेताओं ने टिकट के लिए आवदेन किया है।
चंडीगढ़ कांग्रेस के जो कमेटी गठित हुई है उसमे राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी प्रभारी आशा कुमारी और कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का नाम शामिल है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा 12 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक करने भी जा रहे हैं। दिल्ली में होने वाली इस बैठक में पूरे देश के प्रदेश अध्यक्ष भाग लेंगे।
दावेदारों ने शहर में बढ़ाई अपनी सक्रियता
इस समय कांग्रेस के अलावा भाजपा के दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा में सांसद किरण खेर के अलावा अध्यक्ष संजय टंडन प्रबल दावेदार है। टिकट लेने के लिए इन दो नेताओं में भारी गुटबाजी है। जिसे कई बार देखने को भी मिला है। भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन पार्टी के ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम करवा रहे हैं जबकि सांसद किरण शहर के विकास के कामों का उद्घाटन करके अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। वहीं आप के उम्मीदवार हरमोहन धवन शहर में हर दिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक कर रहे हैं। अगले रविवार को धवन ने अपने घर पर शहर की सभी कॉलोनी के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।