दिल्ली तो संभाल नहीं पा रहे, पंजाब की क्या मदद करेंगे अरविंद केजरीवाल: सिद्धू
पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला किया है। सिद्धू ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली ताे संभल नहीं रही पंजाब की क्या मदद क्या करेंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। ऑक्सीमीटर को लेकर राज्य के सेहत मंत्री बलबीर सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी सरकार और दिल्ली को संभाल नहीं पा रही है, ऐसे में उनके और आम आदमी पार्टी के पंजाब की मदद के दावे खोखले हैैं। उन्होंने आप द्वारा गांवों में ऑक्सीमीटर बांटने को राजनीतिक नौटंकी करार दिया। उन्होंने आशंका जताई कि पंजाब में कोरोना वायरस फैलाने का आप का यह गेम प्लान भी हो सकता है। बिना सेनिटाइज किए एक ही ऑक्सीमीटर को बार-बार इस्तेमाल करने से संक्रमण बढ़ जाता है।
सिद्धू ने कहा कि ऑक्सीमीटर कोई वैक्सीन नहीं है, जिससे लोगों को मदद मिल सके। यह केवल शरीर में आक्सीजन का स्तर ही बता सकते हैैं। आप द्वारा जानबूझकर पंजाब में अपने संकुचित राजनैतिक हितों को सिद्ध करने के लिए भ्रामक मुहिम चलाई जा रही है। मंत्री ने चेतावनी दी कि इससे ज्यादा लोगों के संक्रमित होने के बड़े खतरे की संभावना है और हो सकता है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में इससे विशाल कम्युनिटी स्प्रेड शुरू हो जाए।
सिद्धू ने कहा कि आप द्वारा पंजाब में गलत जानकारी फैलाने की रणनीति पूरी तरह बेनकाब हो गई है। आप का एक कार्यकर्ता अंग निकालने (अंगों की तस्करी) और टेस्टिंग को लेकर गुमराह करने वाली वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। केजरीवाल के ऑक्सीमीटरों के साथ गांवों में घूम रहे आप कार्यकर्ताओं का उद्देश्य अपनी पार्टी की भयानक मुहिम को और आगे बढ़ाना था।
सिद्धू ने कहा कि दिल्ली में मंगलवार तक एक दिन में कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की संख्या 3609 तक पहुंच चुकी है। पंजाब की तुलना में दिल्ली की आबादी कम होने के बावजूद मौतों और एक्टिव मामलों की संख्या ज्यादा है। जिससे केजरीवाल सरकार के कोविड संकट से निपटने के प्रबंधों की हालत का पता चलता है। अगर केजरीवाल दिल्ली में स्थिति पर काबू नहीं पा सकते तो वह पंजाब की क्या मदद करेंगे।