विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मोहाली में Airbnb के फ्लैट में देर रात तक पार्टियां...', युवक-युवतियां करते हंगामा; बिग बॉस फेम कपल का आरोप

Published: Tue, 17 Nov 2026 02:56 PM (IST)

बिग बॉस फेम अरमान मलिक और कृतिका मलिक ने जीरकपुर की अपनी सोसायटी में Airbnb के माध्यम से किराये पर ...और पढ़ें

हरियाणवी यूट्यूबर अरमान मलिक और कृतिका मलिक।  फोटो: जागरण आर्काइव

हरियाणवी यूट्यूबर अरमान मलिक और कृतिका मलिक। फोटो: जागरण आर्काइव

HighLights

  1. अरमान मलिक और उनकी पत्नी कृतिका मलिक का आरोप।

  2. तेज संगीत, हंगामा से परिवारों की नींद और सुरक्षा प्रभावित।

  3. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर की रिहायशी सोसायटीज में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अल्प अवधि के लिए किराये पर दिए जा रहे फ्लैट्स की निगरानी और उनमें ठहरने वाले लोगों की गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

ताजा मामला बिग बॉस फेम और हरियाणवी यूट्यूबर अरमान मलिक और उनकी पत्नी कृतिका मलिक की रिहायशी सोसायटी से सामने आया है। दंपती ने अपने घर के सामने Airbnb के माध्यम से किराये पर दिए जा रहे फ्लैट में देर रात पार्टियां होने और तेज आवाज में संगीत बजने से परिवारों को परेशानी होने का आरोप लगाया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फ्लैट में युवक-युवतियां हंगामा करते हैं। हालांकि, फ्लैट मालिक ने भी अरमान मलिक के खिलाफ अपनी प्रॉपर्टी में बिना अधिकार प्रवेश करने की शिकायत पुलिस को दी है।

अरमान मलिक और कृतिका ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन महीने से संबंधित फ्लैट में देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है।

कई बार बड़ी संख्या में युवक-युवतियां वहां पहुंचते हैं और तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है। इससे आसपास रहने वाले परिवारों, विशेषकर छोटे बच्चों की नींद और सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

ऑनलाइन बुकिंग वाले फ्लैट्स का रिकॉर्ड कौन रख रहा?

इस विवाद ने सोसायटीज की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया है। रिहायशी फ्लैट्स को कम अवधि के लिए किराये पर देने की स्थिति में वहां ठहरने वालों का रिकॉर्ड, पहचान सत्यापन और सोसायटी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?

अरमान मलिक का दावा है कि उनकी सोसायटी में ऐसे तीन फ्लैट संचालित हो रहे हैं और संबंधित फ्लैट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आधी रात को गलत दरवाजे पर पहुंचते हैं डिलीवरी कर्मचारी

कृतिका मलिक ने आरोप लगाया कि फ्लैट में आने वाले कई लोगों और ऑनलाइन खाना पहुंचाने वाले कर्मचारियों को सही पते की जानकारी नहीं होती। इसके चलते वे देर रात उनके घर की घंटी बजाते हैं। दंपती के अनुसार, बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला।

अरमान मलिक ने यह भी दावा किया कि उन्हें पहले धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में घर के आसपास अनजान लोगों की लगातार आवाजाही से परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

फ्लैट मालिक ने भी उठाया बिना अनुमति प्रवेश का मुद्दा

विवाद का दूसरा पहलू भी सामने आया है। फ्लैट मालिक की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि उनकी प्रॉपर्टी Airbnb के माध्यम से किराये पर दी गई है और अरमान मलिक को उसमें बिना अनुमति प्रवेश करने का अधिकार नहीं है।

ऐसे में पुलिस के सामने एक ओर देर रात शोर-शराबे और सुरक्षा संबंधी शिकायत है, तो दूसरी ओर निजी संपत्ति में प्रवेश को लेकर विवाद है।

दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच जारी 

थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह गिल ने बताया कि अरमान मलिक और दूसरे पक्ष की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। एक पक्ष ने देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने और परेशानी पैदा करने के आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने प्रॉपर्टी में प्रवेश को लेकर आपत्ति जताई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों का सत्यापन कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा सवाल

इस प्रकरण के बाद रिहायशी सोसायटियों में अल्प अवधि के लिए किराये पर दिए जाने वाले फ्लैट्स की सुरक्षा व्यवस्था, मेहमानों के सत्यापन और देर रात होने वाली गतिविधियों की निगरानी को लेकर स्पष्ट व्यवस्था की जरूरत सामने आई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच केवल दोनों पक्षों के विवाद तक सीमित रहती है या सोसायटी की सुरक्षा संबंधी शिकायतों की भी पड़ताल की जाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।