'बस की छत पर सफर खतरनाक कृत्य...’, तीन मौतों के मामले में आरोपी को नहीं मिली जमानत, पंजाब-हरियाणा HC ने क्या कहा?
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने अमृतसर बस हादसे में तीन मौतों के आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि बस की छत पर यात्रियों को बैठाना "स्वभाविक रूप से खतरनाक कृत्य" है।

कैप्शन: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने अमृतसर में बस हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में आरोपित को जमानत देने से इनकार करते हुए कड़ा संदेश दिया है। अदालत ने स्पष्ट कहा कि बस की छत पर यात्रियों को बैठाकर सफर कराना “स्वभाविक रूप से खतरनाक कृत्य” है, जो सीधे तौर पर मानव जीवन को जोखिम में डालता है।
जस्टिस मंदीप पन्नू ने सुनवाई के दौरान कहा कि प्रथम दृष्टया यह आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर यात्रियों को बस की छत पर बैठने की अनुमति दी। यह आचरण ऐसा जोखिम पैदा करता है, जिसकी आशंका पहले से ही स्पष्ट होती है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह मामला महज लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे गंभीर आपराधिक दायित्व बन सकता है
अमृतसर में हुआ था हादसा
मामला 7 अक्टूबर 2025 को अमृतसर के मकबूलपुरा थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। शिकायतकर्ता अमृतपाल सिंह, जो बस चला रहा था, के अनुसार सीटें उपलब्ध न होने के कारण कुछ यात्रियों को छत पर बैठाया गया। वापसी के दौरान अल्फा वन मॉल के पास पुल से टकराने पर छत पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
इस मामले में आरोपित जगीर सिंह को 19 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था और वह तब से हिरासत में है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), तथा धारा 125 (जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य) के तहत मामला दर्ज है।
चार महीनों से हिरासत में है आरोपी
याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि आरोपित निर्दोष है और उसे झूठा फंसाया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि वह पिछले चार महीनों से हिरासत में है और ट्रायल में समय लगेगा, इसलिए उसे जमानत दी जानी चाहिए। वहीं राज्य सरकार की ओर से जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपित की लापरवाही के कारण तीन लोगों की जान गई है।
यह गंभीर अपराध है और आरोपी को रिहा करने पर वह गवाहों को प्रभावित कर सकता है। हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि इस चरण पर यह तय नहीं किया जा सकता कि मामला गैर इरादतन हत्या का है या लापरवाही से मृत्यु का, क्योंकि यह ट्रायल के दौरान साक्ष्यों के आधार पर तय होगा।
आरोपी को जमानत देना उचित नहीं: हाई कोर्ट
हालांकि, अदालत ने माना कि आरोप अत्यंत गंभीर हैं और घटना की प्रकृति ऐसी है कि आरोपी को जमानत देना उचित नहीं होगा।अदालत ने यह भी कहा कि अभी आरोप तय नहीं हुए हैं और मुख्य गवाहों की गवाही बाकी है।
ऐसे में आरोपी को रिहा करना अभियोजन के मामले को प्रभावित कर सकता है। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए हाई कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी और स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।