निगम चुनाव से पहले भाजपा को गुटबाजी से बचाने में जुटे केंद्रीय नेता, अमित शाह ले सकते हैं एक-एक की रिपोर्ट
केंद्रीय नेता चंडीगढ़ में भाजपा को निगम चुनाव से पहले गुटबाजी से बचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। अमित ...और पढ़ें

चंडीगढ़ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
HighLights
अमित शाह का चंडीगढ़ दौरा, निगम चुनाव से पहले एकजुटता पर जोर।
पिछले लोकसभा चुनाव में अंदरूनी खींचतान से पार्टी को हुआ नुकसान।
केंद्रीय नेता चंडीगढ़ भाजपा संगठन को सक्रिय और एकजुट कर रहे।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने चंडीगढ़ में संगठन को एकजुट रखने और गुटबाजी की आशंकाओं को दूर करने पर फोकस बढ़ा दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे को भी इसी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रविवार को मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमित शाह की स्थानीय नेताओं के साथ चर्चा होने की संभावना है। इसमें नगर निगम चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति और 35 वार्डों में जीत के लक्ष्य को लेकर बातचीत हो सकती है।
दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को अंदरूनी खींचतान का नुकसान उठाना पड़ा था। पार्टी प्रत्याशी संजय टंडन कांग्रेस के मनीष तिवारी से महज करीब 2500 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे।
टिकट घोषित होने के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रचार अभियान से दूरी बनाए हुए थे। चुनाव के दौरान नेताओं और गुटों के बीच समन्वय की कमी भी चर्चा का विषय रही थी। इस हार के बाद संगठन के भीतर एकजुटता को लेकर सवाल उठे थे।
अब नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व ऐसी स्थिति दोबारा पैदा नहीं होने देना चाहता। यही वजह है कि केंद्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता अभी से चंडीगढ़ संगठन की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
कुछ दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कोर कमेटी की बैठक लेकर नेताओं को संगठनात्मक एकजुटता, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए थे।
वहीं, चंडीगढ़ भाजपा प्रभारी महेंद्र पांडे भी पिछले कुछ दिनों में स्थानीय नेताओं के साथ दो-तीन बैठकें कर चुके हैं। इन बैठकों में संगठन को सक्रिय करने और सभी नेताओं को एक मंच पर लाने पर जोर दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अमित शाह के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि अमित शाह स्थानीय नेतृत्व को नगर निगम चुनाव के लिए क्या संदेश देते हैं और पार्टी की चुनावी रणनीति को किस तरह दिशा मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।