Ambala Firing Case: अपनी कार से पेशी के लिए जाने वाला था राहुल, मौत खींच लाई चंडीगढ़
अंबाला में हुई फायरिंग में चंडीगढ़ के दो युवकों की मौत हो गई। वहीं उनके दो अन्य दोस्त घायल हो गए थे। चारों अंबाला में पेशी के लिए गए थे। फायरिंग में मारे गए राहुल पहले अपनी कार से अंबाला जाने वाला थे लेकिन दोस्त उसे अपने साथ ले गए।
चंडीगढ़, [कुलदीप शुक्ला]। Ambala firing case: बीते वीरवार को अंबाला (Ambala) के कालका चौक पर हुए गैंगवार (Gangwar) में कार सवार राहुल की मौत हो गई। इसके अलावा उसके एक दोस्त प्रदीप उर्फ पंजा की जान भी नहीं बच पाई। वहीं, इस घटना में दो अन्य दोस्त गोली लगने से गंभीर घायल हो गए। चारों चंडीगढ़ के मौलीजागरां में रहते थे। राहुल के स्वजनों से खुलासा हुआ कि अंबाला कोर्ट में पेशी के लिए राहुल पहले अपनी निजी कार से जाने वाला था। लेकिन, उसके दोस्तों की कॉल आई कि चंडीगढ़ आ जाओ और चारों पेशी के लिए एक ही कार से चल पड़ेंगे। लेकिन उसे मालूम नहीं था कि ऐसा करने से वह अपनी मौत को बुला रहा है और वारदात में राहुल और पंजा की मौत हो गई।
राहुल मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला था। उसने मौलीजागरां में मकान बना रखा है। वह अकसर मौलीजागरां से राजस्थान आता जाता रहता था। लेकिन इस बार मौत उसे चंडीगढ़ खींच लाई। अपनी कार में अकेले जाने पर शायद उसकी जान बच जाती। वह गैंगवार का शिकार नहीं बनता। वहीं, स्वनजों ने बताया कि कुछ महीने पहले ही राहुल की सगाई हुई थी। उसके शादी की तैयारी चल रही थी। जल्द ही तारीख तय कर उसकी शादी करवाने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच उसके हत्या की खबर घर वालों तक पहुंच गई।
चारों पर हत्या की कोशिश, एक्साइज एक्ट, सट्टेबाजी सहित कई धाराएं
पुलिस के अनुसार मौलीजागरां में रहने वाले प्रदीप उर्फ पंजा, राहुल उर्फ अन्ना, अश्वनी और गौरव के खिलाफ चंडीगढ़ के मौलीजागरां सहित हरियाणा और पंजाब के थानों में विभिन्न केस दर्ज हैं। आरोपितों के खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, पुलिस पर हमला करना, सरकारी संपत्ति नष्ट करना, एक्साइज एक्ट और सट्टेबाजी के तहत केस दर्ज हैं। इन मामलों में चारों आरोपित कई बार जेल भी जा चुके हैं। वर्तमान में चारों जमानत पर बाहर चल रहे थे।
यह है मामला, ऐसे हुआ गैंगवार
अंबाला के कालका चौक पर वीरवार दोपहर चंडीगढ़ स्थित मौलीजागरां के रहने वाले कार सवार चार युवकों पर गैंगवार में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसमें 32 वर्षीय राहुल उर्फ अन्ना और 26 वर्षीय प्रदीप उर्फ पंजा की मौत हो गई। जबकि, 25 वर्षीय अश्वनी और 24 वर्षीय गौरव की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के समय चारों दोस्त की चंडीगढ़ नंबर की वरना कार में पेशी के लिए अंबाला गए थे। कोरोना के चलते पेशी नहीं होने पर वापसी के समय चौक पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। घायल अश्विनी और गौरव के कंधे और बाजू में गोली लगी है।
यह भी पढ़ें- Bharat Bandh 26 March: चंडीगढ़ में भारत बंद बेअसर; मोहाली, जीरकपुर में सड़कें जाम, देखें Photos
चंडीगढ़ की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें