सुखबीर बादल के आवास पर भाजपा-अकाली दल की बैठक खत्म, महिला आरक्षण और परिसीमन का समर्थन करेगा अकाली दल
चंडीगढ़ में सुखबीर बादल के आवास पर भाजपा-अकाली दल की बैठक हुई, जिसमें 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली और आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा हुई।
-1795864027578_m.webp)
सुखबीर बादल के आवास पर भाजपा-अकाली दल की बैठक खत्म।
HighLights
सुखबीर बादल आवास पर भाजपा-अकाली दल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
8 दिसंबर मोगा रैली में पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना
महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन का अकाली दल ने किया समर्थन
रोहित कुमार, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर शनिवार को भाजपा और अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही बैठक समाप्त हो गई। बैठक में आठ दिसंबर को मोगा में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर होने वाली रैली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके अलावा दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त प्रचार अभियान और आगे के कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक के बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि पार्टी महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन के फार्मूले का समर्थन करेगी। अकाली दल का यह रुख बैठक के बाद सामने आया है। दोनों दलों के नेताओं के बीच महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सुखबीर सिंह बादल के आवास पर हुई इस बैठक में आठ दिसंबर की रैली की तैयारियों और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई।
दोनों दलों के नेताओं ने आने वाले दो महीनों में संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार करने और इसकी रूपरेखा तैयार करने पर सहमति जताई। बादल ने कहा कि जल्द ही पार्टी अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी करेगी
भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच बैठक सकारात्मक माहौल में हुई है। आगे भी ऐसी बैठकें नियमित रूप से होती रहेंगी। दोनों दल संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने और प्रचार अभियान की योजना तैयार कर सामने रखेंगे।
बैठक में पंजाब के विकास और खुशहाली को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य पंजाब के हितों के लिए मिलकर काम करना है। आठ दिसंबर की मोगा रैली को इसी दिशा में एक अहम कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।