चंडीगढ़ में मंडरा रहे फाइटर जेट, एक के बाद एक उड़ान भर रहे वायु सेना के विमान, गूंज उठा आसमान, पढ़िए क्या है मामला
Air Show Chandigarh सिटी ब्यूटीफुल में आज सुबह से आसमान में वायु सेना के लड़ाकू विमान मंडरा रहे हैं। फाइटर जेट की आवाजें शहरवासियों के कानों में गूंज रही हैं। विमानों की तेज आवाज से लोग टकटकी नजर से आसमान की तरफ देख रहे हैं।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। Air Show Chandigarh: सिटी ब्यूटीफुल में आज सुबह से आसमान में वायु सेना के लड़ाकू विमान मंडरा रहे हैं। फाइटर जेट की आवाजें शहरवासियों के कानों में गूंज रही हैं। विमानों की तेज आवाज से लोग टकटकी नजर से आसमान की तरफ देख रहे हैं।
एक के बाद एक कई फाइटर जेट आसमान में उड़ान भर रहे हैं। इन विमानों की आवाज से ऐसा आभास हो रहा है कि जैसे किसी युद्ध की तैयारी चल रही हो, लेकिन बताया जा रहा है कि यह किसी युद्ध की तैयारी नहीं बल्कि एयर शो की प्रैक्टिस हो रही है।
लोगों के मन में आसमान में उड़ रहे इन फाइटर जेट को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोग एक-दूसरे से यह जानने की कोशिश में लगे हुए हैं कि आखिर इतने फाइट जेट आसमान में चक्कर क्यों लगा रहे हैं। वायु सेना के ये विमान चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि मोहाली के जीरकपुर और नयागांव के ऊपर से उड़ान भर रहे हैं।
दरअसल इस बार वायु सेना चंडीगढ़ में एयर शो करने वाली है। यह एयर शो 8 अक्टूबर को वायु सेना दिवस के उपलक्ष्य में शहर में होगा। इस एयर शो की तैयारियों में वायु सेना के साथ चंडीगढ़ प्रशासन भी जुटा हुआ है। वहीं एयर शो को लेकर वायु सेना के लड़ाकू जहाज आसमान में प्रैक्टिस कर रहे हैं। बीते 2-3 दिन से शहर में वायु सेना के जहाज प्रैक्टिस कर रहे हैं।
बता दें कि गाजियाबाद में हिंडन बेस से बाहर पहली बार चंडीगढ़ में वायु सेना दिवस मनाया जाएगा। इस बार एयर शो के लिए चंडीगढ़ को चुना गया है। वहीं शहरवासी भी 8 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एयर शो के लिए चंडीगढ़ में जोरों से तैयारियां चल रही हैं।
वायु सेना की तरफ से यह एयर शो चंडीगढ़ की सुखना लेक किया जाएगा। वायु सेना के फाइटर जेट और दूसरे विमान आसमान में करतब दिखाएंगे। इससे पहले बीते साल 22 सितंबर को भी सुखना लेक पर वायु सेना ने सूर्य किरण शो किया था।
डिफेंस पीआरओ सपना ने बताया कि यह प्रैक्टिस 8 अक्टूबर को होने वाले वायु सेना के एयर शो को लेकर की जा रही है। सूर्य किरण टीम फाइटर जेट से शहर में प्रैक्टिस कर रही है।