एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से आई खाली, वापसी में गए आठ यात्री
फ्लाइट संचालन शुरू हो गया है बावजूद इसके अभी भी लोगों में कोरोना संक्रमण का डर है।
विकास शर्मा, चंडीगढ़ : लॉकडाउन चार में मिली राहतों के बाद एयरपोर्ट से फ्लाइट संचालन शुरू हो गया है, बावजूद इसके अभी भी लोगों में कोरोना संक्रमण का डर है। मंगलवार को दोपहर 12:10 बजे आई एयर इंडिया (9आइ 713) की फ्लाइट में दिल्ली से खाली आई। इसमें एयर इंडिया के स्टाफ के अलावा एक भी यात्री नहीं था। वहीं, जब यह फ्लाइट दोपहर 1:51 पर वापस गई तो इसमें मात्र आठ यात्री थे। यही हाल एयर इंडिया (9आइ 714) की धर्मशाला जाने वाली फ्लाइट का था। यह फ्लाइट 3:58 पर एयरपोर्ट पर लैंड हुई तो इसमें मात्र सात यात्री थे लेकिन जब वापस गई तो इसमें मात्र आठ यात्री थे। इसके अलावा सुबह 11:38 बजे इंडिगो (6ई 545/842) की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में 64 यात्री आए, जबकि वापसी में इस फ्लाइट में 98 यात्री गए। इंडिगो (6ई 592/593) की बेंगलुरु आने वाली फ्लाइट में 100 यात्री आए जबकि वापसी में 30 यात्री गए। दोपहर 12:10 बजे एयर इंडिया (एआइ463/464) की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में 78 यात्री आए जबकि वापसी में 91 शामिल रहे। वहीं, दोपहर एक बजे बेंगलुरु से आने वाली एयर एशिया (आइ5 1325/1825) की फ्लाइट में 108 यात्री आए, जबकि वापसी में 22 गए। कोरोना का डर अभी कायम
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता प्रिस ने बताया कि कोरोना संक्रमण के डर से अभी लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। बावजूद इसके एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों के लिए कई तरह की सुरक्षा गाइडलाइंस तय की गई हैं। उम्मीद है जल्द हालात सामान्य होंगे और हवाई यातायात में फिर लोगों को पहले जैसे उत्साह देखने को मिलेगा।