चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पुणे और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान, एक जून से शुरू होगी सर्विस; देखें शेड्यूल
एअर इंडिया एक्सप्रेस 1 जून से चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पुणे और बेंगलुरु के लिए नई सीधी उड़ानें शुरू कर रही ...और पढ़ें

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पुणे और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान (फाइल फोटो)
HighLights
1 जून से चंडीगढ़ से पुणे-बेंगलुरु के लिए नई उड़ानें
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सीधी उड़ानों की बुकिंग शुरू की
यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जा रहा है। आगामी एक जून से एअर इंडिया एक्सप्रेस पुणे और बेंगलुरु के लिए नई डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू करने जा रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। एयरलाइन द्वारा इन नई उड़ानों की बुकिंग भी शुरू कर दी है।
नई व्यवस्था के तहत चंडीगढ़ और पुणे के बीच एअर इंडिया एक्सप्रेस की दैनिक उड़ान शुरू होगी। यह फ्लाइट रात 12:45 बजे शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होकर सुबह करीब 3:10 बजे पुणे पहुंचेगी। वापसी में यह उड़ान पुणे से तड़के 3:45 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 6:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
आधी रात के बाद भी चलेगी फ्लाइट
खास बात यह है कि यह समर शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट से आधी रात के बाद संचालित होने वाली पहली नियमित फ्लाइट होगी। चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच भी हवाई सेवा को और मजबूत किया है। नई फ्लाइट सुबह 6:40 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरकर सुबह 9:55 बजे केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-2 बेंगलुरु पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में यह फ्लाइट रात 9:15 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर रात 12:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। अधिकारियों के अनुसार, नई उड़ानों के शुरू होने के बाद चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच प्रतिदिन कुल पांच नान-स्टाप फ्लाइट्स संचालित होंगी, जिससे यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में मदद मिलेगी।
इन लोगों को होगा फायदा
आइटी सेक्टर, शिक्षा, कारोबार और पर्यटन से जुड़े यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों के पास अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे। वर्तमान में चंडीगढ़ और पुणे के बीच केवल इंडिगो एयरलाइंस की एक सीधी उड़ान संचालित होती है। अब एअर इंडिया एक्सप्रेस की नई सेवा शुरू होने से यात्रियों के पास अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।
