तीसरी बार पोती राजीव गांधी के बोर्ड पर कालिख
लाइट प्वाइंट पर राजीव गांधी चंडीगढ़ टेक्नोलॉजी पार्क के बोर्ड पर कोई कालिख पोत गया।
जागरण संवाददाता, मनीमाजरा (चंडीगढ़) : पिछले साल 27 दिसंबर को पंजाब यूनिवर्सिटी में राजीव गांधी कॉलेज भवन के बोर्ड पर कालिख पोतने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था कि रविवार को मनीमाजरा के शास्त्री नगर के पास लाइट प्वाइंट पर राजीव गांधी चंडीगढ़ टेक्नोलॉजी पार्क के बोर्ड पर कोई कालिख पोत गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के साथ मनीमाजरा ब्लॉक के सैकड़ों कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए। जिसके बाद उन्होंने जमकर नारेबाजी और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर आकर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करवाया। पीयू में सामने आया था पहला मामला
शहर में यह तीसरी घटना है जब शहर में अलग-अलग जगह लगे राजीव गांधी नाम के बोर्डो पर कालिख पोती गई हो। 27 दिसंबर को पंजाब यूनिवर्सिटी में राजीव गांधी कॉलेज भवन के बोर्ड पर राजीव गांधी शब्द पर कालिख पोती गई थी। अगले ही दिन 28 दिसबंर को सेक्टर-26 में सेंट कबीर स्कूल के पास लगे राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क के बोर्ड पर कोई कालिख पोत गया। दोनों मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। रविवार को फिर घटना हो गई। हालांकि पुलिस ने कांग्रेस नेता रामेश्वर गिरि की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस मनीमाजरा ब्लॉक प्रधान संजय भजनी, सुरजीत ढिल्लों, संजीव गाबा, सुभाष धीमान, रमेश गोयल समेत अन्य नेताओं ने कार्रवाई की मांग की है। शहर में यह तीसरी घटना है कि जब राजीव गांधी के बोर्ड पर कालिख पोती गई। राजीव गांधी का नाम सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री की श्रेणी में आता है। ऐसा करना उनकी शहादत को शर्मिदा करना है। मामले को लेकर भाजपा नेताओं और डीजीपी चंडीगढ़ से मिलेंगे।
-प्रदीप छाबड़ा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यह काम केवल शहर में अशांति फैलाने के लिए किए जा रहे हैं। ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम जल्द ही डीजीपी से मिलकर आरोपितों को पकड़ने की मांग करेंगे।
-रामेश्वर गिरि, कांग्रेस नेता