विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के बाद अब अगले हफ्ते पंजाब आएंगी प्रियंका गांधी, रैली को लेकर तैयारी शुरू; क्या है कांग्रेस की खास रणनीति?

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:18 PM (IST)

राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बाद अब कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनावों के लिए प्रियंका गांधी की रैली की तैयारी ...और पढ़ें

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी। फाइल फोटो

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी। फाइल फोटो

HighLights

  1. प्रियंका गांधी 26 या 27 नवंबर को पंजाब दौरे पर आ सकती हैं।

  2. कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनावों के लिए अपनी प्रचार मुहिम तेज कर रही है।

  3. राहुल गांधी की रैली के बाद प्रियंका की बड़ी जनसभा की तैयारी।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बाद अब प्रदेश कांग्रेस प्रियंका गांधी को राज्य में लाने की तैयारी में जुट गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार चार नवंबर को राहुल गांधी के संगरूर दौरे के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद कांग्रेस ने ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ मुहिम और ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल रैली शुरू की। अब चुनावी माहौल बनाने के लिए पार्टी प्रियंका गांधी की रैली आयोजित करने की कोशिश कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, अगले एक-दो दिन में प्रियंका के पंजाब दौरे का कार्यक्रम तय हो सकता है। माना जा रहा है कि वह 26 या 27 नवंबर को पंजाब आ सकती हैं। रैली के स्थान को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी में विचार-विमर्श जारी है। गुरदासपुर में रैली कराने की कोशिश की जा रही है, जबकि एक-दो अन्य शहरों पर भी विचार हो रहा है।

पंजाब में आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल भी चुनावी रैलियां शुरू कर चुके हैं। अब तक केवल आम आदमी पार्टी ने 71 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, लेकिन सभी दल प्रचार में सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस के लिए प्रियंका और राहुल गांधी प्रमुख प्रचारक हैं। चार नवंबर की राहुल गांधी की रैली में एक लाख से अधिक लोग जुटे थे। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि प्रियंका की रैली इससे भी बड़ी होगी।

पंजाब कांग्रेस की तीसरी मुहिम की तैयारी

विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रचार कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। 11 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने चंडीगढ़ से ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ मुहिम शुरू की। इसके तहत वरिष्ठ नेता राज्य के सभी वर्गों के लोगों से पार्टी के घोषणापत्र पर राय लेंगे। अब तक दो-तीन शहरों में कार्यक्रम हुए हैं।

12 नवंबर को प्रचार समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल रैली शुरू हुई। इसका समापन 19 नवंबर को खन्ना में होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी गुरुवार को लुधियाना में ‘इंसाफ मार्च’ शुरू करने की घोषणा करेंगे।

यह देखना होगा कि इसमें कांग्रेस के कितने वरिष्ठ नेता शामिल होते हैं। कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग कैंपेन को लेकर लगातार एकजुटता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।