विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से प्रशासक खफा, कई अधिकारियों की कुर्सी खतरे में, विभाग में खलबली

By Ankesh ThakurEdited By:
Published: Tue, 24 May 2022 02:22 PM (IST)

चंडीगढ़ शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों की कुर्सी खतरे में है। क्योंकि विभाग के अधिकारियों के काम से चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित खासे खफा हैं। ऐसे में इन अधिकारियों पर गाज गिरने वाली है जिससे विभाग में हडकंप मचा हुआ है।

डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसई) पालिका अरोड़ा को उनके पद से हटा दिया गया है।
डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसई) पालिका अरोड़ा को उनके पद से हटा दिया गया है।

डा. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग में कई अधिकारियों की कुर्सी खतरे में हैं। जल्द ही विभाग में बड़े बदलाव होने के संकेत हैं। विभाग के अधिकारियों की कार्य प्रणाली यूटी प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल खफा हैं। मामले में प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने यूटी एडवाइजर को पूरे मामले में रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग के कई बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।

प्रशासक बीएल पुरोहित ने यूटी शिक्षा विभाग में वर्षों से एक ही सीट पर जमे हुए अधिकारियों और उनकी जवाबदेही को लेकर जवाब तलब किया है। सूत्रों अनुसार शिक्षा विभाग की कार्य प्रणाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें आ रही हैं। उच्च अधिकारियों के अलावा निचले स्तर के कर्मचारियों की कार्य प्रणाली को लेकर भी लगातार सवाल खड़े हो रहे थे।

ताजा घटनाक्रम में हल्लोमाजरा स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों को 43 डिग्री तापमान में टीन शेड में बिठाकर पढ़ाने और उनके लिए पानी और टायलेट तक की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने का मामला उठने के बाद प्रशासक बनवारी लाल खुद मौके का मुआयना करने शनिवार सरकारी स्कूल पहुंचे गए थे। स्कूल के हालात देखरकर प्रशासक ने अधिकारियों की क्लास लगाई। अधिकारी किसी भी मामले को लेकर कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पूरे मामले में एडवाइजर से लेकर शिक्षा सचिव तक से जवाब तलब कर लिया गया। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसई) पालिका अरोड़ा को उनके पद से हटाकर उनका तबादला कर दिया गया। ऐसे में अब अब दूसरे अधिकारियों की कुर्सी भी खतरे में हैं। पंजाब कैडर के अनुभवी पीसीएस अधिकारी हरसुहिंदर सिंह बराड़ को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

रिटायरमेंट के बाद भी कर्मचारी बैठे हैं दफ्तरों में 

शिक्षा विभाग में काम करवाना किसी के लिए आसान नहीं हैं। सेक्टर-9 स्थित डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसआई) आफिस में बाबुओं की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। एक ही कुर्सी से 10 से 15 वर्षों से कर्मचारियों को हटाया नहीं जाता। फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। तबादलों से लेकर अन्य फाइलों को क्लीयर नहीं करने के आरोप लगते हैं। शिक्षा विभाग में किसी भी आम आदमी, टीचर्स या किसी अन्य के लिए अपना काम करवा पाना मुमकिन नहीं है। डायरेक्टर हायर एजुकेशन आफिस में ही अधिकारियों के साथ लगे हुए कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद भी फिर से नौकरी पर रखा हुआ है। ऐसे सभी कर्मचारियों के बारे में एडवाइजर और प्रशासक की ओर से रिपोर्ट तलब की गई है। विभाग में रिटायर हो चुके कर्मचारियों को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। शिक्षा विभाग में स्कूलों में खेल विभाग और अन्य प्रोफेशनल कोर्स के लिए नियुक्ति किए गए लोगों को बरसों से डीपीआइ दफ्तर में तैनात किया हुआ है। ऐसे कर्मचारियों की भी लिस्ट  एडवाइजर और शिक्षा सचिव ने मांगी है।

नए डायरेक्टर देंगे रिपोर्ट

शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पुराने अफसरों के चेहते रहे कई अधिकारियों की कुर्सी अब खतरे में है। पूरे मामले को लेकर प्रशासक ने यूटी प्रशासन के आला अधिकारियों से रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। नए डायरेक्टर अगले कुछ दिनों में शिक्षा विभाग के दफ्तर में बैठे अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज को लेकर समीक्षा रिपोट एडवाइजर को सौंपेंगे। बीते छह महीने के भीतर शिक्षा विभाग में किए गए सभी तबादलों और अन्य नियुक्तियों पर भी सवालिया निशान है। इस बारे में भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

हर सरकारी स्कूल की मांगी रिपोर्ट, एक महीने में सौंपनी होगी

यूटी प्रशासक के हल्लोमाजरा सरकारी स्कूल में दौरे के बाद से यूटी के शिक्षा विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है। सरकारी स्कूलों की खस्ता हालत बिल्डिंग को देखकर प्रशासक का गुस्सा सभी अधिकारियों ने देखा। बीते दो दिन से सभी सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग को लेकर आडिट कराने की तैयारी है। सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षकों की संख्या को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जून में सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां होंगी। अधिकारियों को एक महीने के भीतर सभी सरकारी स्कूलों को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। चीफ इंजीनियर भी सरकारी स्कूलों को लेकर जल्द रिपोर्ट तैयार करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी को एक कमेटी बनाकर हर सरकारी स्कूल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं के बारे में रिपोर्ट देने को कहा गया है।

एडवाइजर खुद देख रहे मामले को

चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से एडवाइजर धर्मपाल भी खासे खफा हैं। यूटी प्रशासक के सामने हुई किरकिरी के बाद शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों की खूब क्लास लगी है। मामले में अब डीएसई दफ्तर में एसी में बैठकर आदेश देने वालों के बुरे दिन आने वाले हैं। इन अधिकारियों को कमरों से निकालकर फिल्ड में भेजने की तैयारी है। अधिकारियों के पास सरकारी स्कूलों को लेकर किसी तरह की कोई प्लान नहीं है। विभाग ने समय पर शिक्षकों की भर्ती कर सका और न ही बच्चों की दिक्कतों पर कोई सकारात्मक काम कर पाया है। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट एजुकेशन सिर्फ कागजों तक सीमित है। दिल्ली के मुकाबले यूटी के सरकारी स्कूल कहीं भी नहीं ठहरते।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।