चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची, आठ वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित
आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है, जिसमें आठ वार्डों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।

पार्टी चंडीगढ़ को बेहतर बनाने की रणनीति के साथ उतरेगी।
HighLights
वार्ड 13 से अंजू सेठी, वार्ड 14 से राम जायसवाल।
वार्ड 17 से बिंदु बाला गर्ग, वार्ड 19 से ललित मोहन।
वार्ड नंबर छह से तलविंदर सिंह, वार्ड आठ से सुखवंत कौर।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने नगर निगम चुनाव-2026 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में आठ वार्डों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह ने सोमवार को उम्मीदवारों की घोषणा की।
दूसरी सूची में वार्ड नंबर छह से तलविंदर सिंह, वार्ड आठ से सुखवंत कौर, वार्ड 13 से अंजू सेठी, वार्ड 14 से राम जायसवाल, वार्ड 17 से बिंदु बाला गर्ग, वार्ड 19 से ललित मोहन, वार्ड 26 से सतविंदर कौर और वार्ड 34 से नरेंद्र भाटिया को उम्मीदवार बनाया गया है।
जरनैल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती और रणनीति के साथ नगर निगम चुनाव में उतरेगी। पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चंडीगढ़ की जनता उसके कुशासन से परेशान है और इस बार बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य चंडीगढ़ को बेहतर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाना है। चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सभी वार्डों में मजबूती से मुकाबला किया जाएगा।
आप चंडीगढ़ के प्रधान विजय पाल सिंह और प्रेम गर्ग ने दूसरी सूची जारी होने पर खुशी जताई। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उम्मीदवारों की जीत के लिए काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार नगर निगम में पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी और जनता के सहयोग से अपना मेयर बनाने में सफल होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।