विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए AAP की पहली सूची जारी, अब भाजपा-कांग्रेस पर उम्मीदवार घोषित करने का दबाव

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:59 AM (GMT+05:30)

आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए अपने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। ...और पढ़ें

दिसंबर में हो सकते हैं चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव। (सांकेतिक फोटो)

दिसंबर में हो सकते हैं चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. आप ने चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की सूची जारी की।

  2. भाजपा और कांग्रेस पर प्रत्याशी घोषित करने का दबाव बढ़ गया।

  3. भाजपा अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर मंथन कर रही है।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव दिसंबर में हो सकते और इसके लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। अब भाजपा और कांग्रेस पर भी जल्द प्रत्याशियों की घोषणा करने का दबाव बढ़ गया है।

दोनों प्रमुख दलों में टिकटों को लेकर अंदरखाते मंथन चल रहा है। कांग्रेस की चुनाव कमेटी की शनिवार को बैठक होने जा रही है, जबकि भाजपा ने अभी तक अपनी चुनाव कमेटी का गठन भी नहीं किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने स्तर पर संभावित दावेदारों की सूची तैयार कर रहे हैं।

इस बार टिकटों के बंटवारे में सर्वे की भूमिका अहम रहने वाली है। भाजपा और आप दोनों ही अपने स्तर पर वार्डों में संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता, जीतने की क्षमता और स्थानीय समीकरणों का आकलन करवा रही हैं।

माना जा रहा है कि सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद ही दोनों दल बाकी उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लेंगे। आप ने पहली सूची में नौ वार्डों के प्रत्याशी घोषित कर चुनावी माहौल गर्म कर दिया है।

अकाली दल के साथ गठबंधन पर भाजपा की नजर

भाजपा के सामने टिकटों के बंटवारे के साथ अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन का मुद्दा भी है। पार्टी के नेता गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद ही तय होगा कि अकाली दल के लिए कितनी सीटें छोड़ी जाएंगी।

अकाली दल भी गठबंधन को लेकर भाजपा के रुख पर नजर रखे हुए है। पार्टी यह देख रही है कि उसे किन-किन वार्डों में चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है। उसी के अनुसार संभावित उम्मीदवारों की तलाश और टिकटों पर फैसला किया जाएगा।

10 सीटों तक पहुंची अकाली दल की मांग

वर्ष 2021 तक हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन के तहत अकाली दल के लिए चार सीटें छोड़ती रही है। उस समय नगर निगम में वार्डों की संख्या 26 थी। अब वार्डों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है।

ऐसे में अकाली दल इस बार कम से कम 10 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रहा है। सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनना गठबंधन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होगा।

भाजपा के सामने चुनौती यह है कि यदि अकाली दल को अधिक वार्ड दिए जाते हैं तो अपने मजबूत दावेदारों को टिकट देने के लिए सीटों का समीकरण दोबारा बनाना पड़ेगा। दूसरी ओर, अकाली दल भी अपनी राजनीतिक जमीन और प्रभाव वाले वार्डों में हिस्सेदारी चाहता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।