Chandigarh Politics: हरमोहन धवन की प्रेस कांफ्रेंस, कांग्रेस- भाजपा को कहा सांप नाथ और नाग नाथ
आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने चंडीगढ़ कांग्रेस और भाजपा पर जमकर जुबानी हमला बोला है। हरमोहन धवन ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए विरोधी दलों पर कई आरोप लगाए हैं।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने चंडीगढ़ कांग्रेस और भाजपा पर जमकर जुबानी हमला बोला है। हरमोहन धवन ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस की, जिसमें उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए विरोधी दलों पर कई आरोप लगाए हैं। एक बार फिर से पार्टी में सक्रिय होते हुए हरमोहन धवन ने कांग्रेस और भाजपा की तुलना सांप नाथ और नाग नाथ की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों ने पिछले 25 साल से नगर निगम का बेड़ागर्क किया है।
बुधवार को अपने निवास स्थान पर प्रेसवार्ता करते हुए हरमोहन धवन ने नगर निगम के 25 साल पूरे होने पर केक भी काटा। इस मौके पर हरमोहन धवन के साथ पंजाब व चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह, पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा, आप संयोजक प्रेम गर्ग और चुनाव प्रभारी चंद्रमुखी शर्मा भी मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव से आप की किसी भी कार्यक्रम में भाग लेने के सवाल पर हरमोहन धवन ने कहा कि उसके बाद कोरोना आ गया था और कोरोना के कारण उन्हें डाक्टर ने घर से बाहर निकलकर कार्यक्रम में भाग न लेने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि मैंने अपने पॉलिटिकल करियर में कभी भी किसी को मिलने से मना किया, लेकिन पिछले डेढ़ साल वह लोगों से भी नहीं मिले।
हरमोहन धवन ने कहा कि आने वाले नगर निगम चुनाव में आप जीतेगी और नगर निगम में मेयर बनवाकर केजरीवाल के मॉडल को चंडीगढ़ में लागू करवाया जाएगा।उन्होंने कहा कि दिल्ली से ज्यादा चंडीगढ़ में काम किया जाएगा।प्रैसवार्ता में नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के गठबंधन या उसमे शामिल होने के सवाल पर धवन ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में उन्हें किसी भी कांग्रेस नेता ने इसके लिए फोन नहीं किया और न ही उन्होंने गठबंधन के लिए किसी नेता को फोन नहीं किया है।हरमोहन धवन ने इस मौके पर शहर की समस्याओं को भी उठाया।उन्होंने कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ में पंचायती राज को समाप्त कर दिया।जबकि आप के जीतने के बाद गांवों में फिर से पंचायतों को बहाल किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों ने पहले लाल डोरे के बाहर निर्माण होने दिया।बिजली और पानी के कनेक्शन दिए और इस निर्माण को अवैध करार करते हुए तोड़ने की बात करते हैं।जो कि गलत है।उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था चौपट है।पेड पार्किंग में स्मार्ट फीचर के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है।उनका कहना है कि 50 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया गया और अब उसे नगर निगम चला नहीं पा रही है।उनका कहना है कि पिछले 25 साल में शहरवासियों से कांग्रेस और भाजपा दोनो को मौका दिया और अब वह आम आदमी पार्टी को मौका देने जा रही है।