Rajya Sabha Elections 2022: पंजाब से आप ने तय किए संत सीचेवाल और बिक्रमजीत सिंंह साहनी के नाम
Rajya Sabha Elections 2022 आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। संत बलबीर सिंह सीचेवाल और बिक्रमजीत सिंह साहनी राज्यसभा चुनाव के लिए आप के उम्मीदवार होंगे। पंजाब मेें राज्यसभा की दो सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। Rajya Sabha Election 2022: आम आदमी पार्टी ने पंजाब में राज्यसभा के दो सीटों के लिए हाेनेवाले चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। पार्टी ने पदमश्री संत बलबीर सिंंह सीचेवाल और पदम श्री विक्रमजीत सिंह साहनी के नाम पर मुहर लगाई है।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के अपने अभियान के लिए जाने जाते हैं। बाबा सीचेवाल और ईको (ECO) बाबा के नाम से है मशहूर संत सीचेवाल को सुल्तानपुर लोधी में 160 किलोमीटर लंबी काली बेन नदी की सफाई कर उसे नया स्वरूप देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंंने अकेले 2007 में काली बेन नदी की सफाई शुरू की थी। जालंधर के किसान परिवार में जन्मे बाबा सीचेवाल कई सालों से नदियों में बढ़ते प्रदूषण को रोकने की मुहिम चला रहे हैं। उनको 2017 में पद्मश्री के सम्मान से नवाजा गया था।
दूसरे उम्मीदवार बिक्रमजीत सिंह साहनी ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साहनी सालों से समाज कल्याण के कार्यों से भी जुड़े रहे हैं। उनको मॉरीशस के राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय शांति पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं।
साहनी ने विश्व पंजाबी संसदीय मंच का गठन कर विश्व भर में पंजाबी संस्कृति का प्रचार किया। उन्होंने 'बोले सो निहाल', 'गुरु मान्यो ग्रंथ' और 'सरबंसदानी' जैसे कई कार्यक्रम कराए। उन्होंने हजारों पंजाबी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप मुहैया कराई। उन्होंने वर्ल्ड पंजाबी आर्गेनाइजेशन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए 22 से ज्यादा देशों में पंजाब के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्ते बढ़ाने में अहम योगदान दिया।
विक्रमजीत साहनी ने 500 से अधिक अफगान हिंदुओं और सिखों के पुनर्वास की जिम्मेदारी ली। कोविड-19 के समय विक्रमजीत साहनी ने पंजाब के गांवों में कोविड-19 टेस्टिंग क्लीनिक, एंबुलेंस और दो हजार से ज्यादा ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद मुहैया कराए थे।