रिटायर्ड फौजी से दो लाख की ठगी करने वाला भेज जेल
हरियाणा निवासी रिटायर्ड फौजी को पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और बाद में कंपनी का ब्रांच मैनेजर लगाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये ठगने वाले ईगल सिक्योरिटी कंपनी के प्रबंधक को मोहाली फेज-11 पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, मोहाली : हरियाणा निवासी रिटायर्ड फौजी को पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और बाद में कंपनी का ब्रांच मैनेजर लगाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये ठगने वाले ईगल सिक्योरिटी कंपनी के प्रबंधक को मोहाली फेज-11 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुभाष सैनी निवासी पिपली (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ हरियाणा के बराड़ा निवासी रिटायर्ड फौजी अवतार सिंह के बयानों पर 420 का मामला दर्ज हुआ था।
जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि सुभाष सैनी ने 2014 में फेज-11 में ईगल सिक्योरिटी नाम से कंपनी खोली थी। कंपनी का इश्तेहार पढ़कर अवतार सिंह उनके संपर्क में आया। आरोपित ने उसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी लगाने के नाम पर पहले 36 हजार रुपये ठग लिए। कुछ दिन टाल मटोल करने के बाद सुभाष सैनी ने अवतार सिंह को एक झांसा दिया कि वह उसे अंबाला में अपनी नई खोली कंपनी का ब्रांच मैनेजर लगा देगा। इसकी एवज में उसने अवतार से एक लाख 65 हजार रुपये और ठग लिए। कुछ दिन अवतार सिंह को अंबाला में एक ऑफिस खोलकर दिया गया और वहां पर एक युवती को उसके साथ बिठाकर लोगों के फार्म तक भरवाए गए। परंतु कुछ दिन बाद अवतार के दो लाख रुपये ठगने के बाद सुभाष बिना किराया व तनख्वाह दिए कंपनी बंद करके फरार हो गया। पुलिस ने अवतार की शिकायत पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। कुछ दिन बाद अदालत सुभाष सैनी को भगोड़ा करार करने वाली थी कि उससे पहले ही उसने कोर्ट में सिरेंडर कर दिया। दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।