मोहाली में फॉर्च्यूनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मां-बेटे समेत तीन बाल-बाल बचे; संपत्ति विवाद में रंजिश की आशंका
जीरकपुर में एक फॉर्च्यूनर कार पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें मां-बेटे और चालक बाल-बाल बच गए। यह घटना सताबगढ़ रोड पर हुई।
-1794937371397_m.webp)
मोहाली में फॉर्च्यूनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग। फाइल फोटो
HighLights
जीरकपुर में फॉर्च्यूनर गाड़ी पर मोटरसाइकिल सवारों ने की फायरिंग।
मां, बेटे और चालक ने सूझबूझ से अपनी जान बचाई।
पुलिस पुराने प्रॉपर्टी विवाद में रंजिश की आशंका पर कर रही जांच।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर में बेखौफ हमलावरों ने मंगलवार देर शाम चलती फॉर्च्यूनर गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर सनसनी फैला दी। पीआर-7 एयरपोर्ट रोड के नजदीक गांव सताबगढ़ की सुनसान सड़क पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने चंडीगढ़ निवासी परिवार की गाड़ी को निशाना बनाया। गाड़ी में मां-बेटे के अलावा चालक भी मौजूद था।
अचानक हुई फायरिंग के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से मोहाली की तरफ निकाल ले गया। इससे तीनों की जान बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार परिवार फॉर्च्यूनर में मैकडॉनल्ड्स वाली सड़क से सताबगढ़ रोड होते हुए मोहाली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा पुराना विवाद
अचानक हुई गोलीबारी से गाड़ी में बैठे लोग सहम गए, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पुराने प्रॉपर्टी विवाद में रंजिश की आशंका थाना जीरकपुर के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी में सवार परिवार का किसी दूसरे पक्ष के साथ प्रॉपर्टी को लेकर पुराना विवाद चल रहा है।
पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते फायरिंग की गई हो सकती है। हालांकि, अभी हमले के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने पहले से रेकी कर परिवार को निशाना बनाया था या रास्ते में अचानक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हमले की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।