Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की टीम को लग रही ठंड, यात्रा के साथ चल रहे 800 लोग बीच से लौटे
राहुल गांधी के साथ 500 लोग ऐसे भी हैं जो पहले दिन से उनके साथ चल रहे हैं। ये कश्मीर तक यात्रा पूरी करेंगे। ये लोग ए और बी श्रेणी के लोगों की सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं।
होशियारपुर, हजारी लाल। भारत जोड़ो यात्रा में सिर्फ शर्ट पहनकर निकले राहुल गांधी बार-बार दावा कर रहे हैं कि उन्हें ठंड नहीं लग रही है, लेकिन उनकी टीम पर जमा देने वाली सर्दी का असर पड़ा है। कन्याकुमारी से शुरू उनका कारवां सिकुड़ने लगा है। राहुल गांधी के साथ सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता तीन हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पूरी कर चुके हैं।
यात्रा में चल रहे लोगों की संख्या में आई गिरावट
शुरू से यात्रा में चल रहे मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस नेता ने बताया कि शुरुआत में करीब ढाई हजार लोग साथ चले थे। करीबन डेढ़ माह तक इस संख्या में कोई कमी नहीं आई, लेकिन धीरे-धीरे उम्रदराज लोगों के पैर जवाब देने लगे और वे लौटने लगे। पंजाब में प्रवेश करते ही ठंड ने मुश्किल और बढ़ा दी, जिससे करीब 800 लोग लौट गए। इनमें दक्षिण भारतीय ज्यादा हैं। इन दिनों पंजाब के ज्यादातर शहरों का तापमान एक डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे चल रहा है। बठिंडा का तापमान तो शून्य से भी नीचे चला गया है।
जालंधर में कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह के निधन के बाद कुछ बुजुर्ग नेताओं को लौटने के लिए कहा गया। उक्त नेता ने कहा कि ठंड ने चुनौती जरूर बढ़ा दी है, लेकिन लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। कुछ लोग लौटते हैं, तो और जुड़ जाते हैं।
500 यात्री शुरू से ही चल रहे साथ
राहुल गांधी के साथ 500 लोग ऐसे भी हैं, जो पहले दिन से उनके साथ चल रहे हैं। ये कश्मीर तक यात्रा पूरी करेंगे। ये लोग ए और बी श्रेणी के लोगों की सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं। सी और डी श्रेणी के लोगों की सुरक्षा स्थानीय पुलिस के पास होती है। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में रैली के बाद यात्रा गुरुवार को फिर पंजाब में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले पठानकोट में रैली करेंगे।
गया में टीबी का प्रकोप: 2022 में 18 साल से कम उम्र के 1160 संक्रमित मिले, इन लक्षणों से करें पहचान