LokSabha Election : लंच खराब निकलने पर कर्मचारियों ने किया हंगामा, सीसीईटी कॉलेज के बाहर प्रदर्शन
चंडीगढ़ संसदीय सीट पर 19 मई को हाेने वाले मतदान से पहले ही घमासान मच गया है।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। चंडीगढ़ संसदीय सीट पर 19 मई को हाेने वाले मतदान से पहले ही घमासान मच गया है। कर्मचारियाें काे प्रशासन ने जाे लंच उपलब्ध करवाया है वह खराब निकला। अब कर्मचारियों को नकद 150 रुपये खाने के लिए दिए जाएंगें। बताया जा रहा है कि खाना सिटको से आया था। चीफ इलेक्शन ऑफिसर अजय कुमार सिन्हा और डीसी कम रिटर्निंग ऑफिसर मनदीप सिंह बराड़ से कर्मचारियाें ने रोष व्यक्त किया। दरअसल शनिवार को सुबह 4:00 बजे ही सीटीयू कर्मचारियों को सेक्टर 26 स्थित सीसीईटी कॉलेज के स्ट्रांग रूम में बुला लिया गया। सुबह से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक सीटीयू कर्मचारियों को चाय नाश्ता तक उपलब्ध नहीं हुआ जिसको लेकर सीटीयू कर्मचारी यूनियन ने सीसीईटी कॉलेज में ही प्रदर्शन कर दिया। यहां तक कि कर्मचारियों को कॉलेज के मेन गेट से भी बाहर नहीं जाने दिया जा रहा।
इसके अलावा रविवार सुबह 7 बजे चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।इलेक्शन ड्यूटी पर कुल 3269 जवान चुनावी माेर्चा संभालेंगे। एसएसपी चंडीगढ़ पुलिस निलांबरी जगदाले ने बताया कि इनमें 2900 जवान चंडीगढ़ पुलिस और आइआरबी के रहेंगे। इसके अलावा 360 जवान सीअारपीएफ के रहेंगे। सीअारपीएफ के सभी 360 जवानाें की ड्यूटी पोलिंग बूथ पर लगाई गई है।सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की कुल 5 कंपनियां शहर में आ चुकी हैं। इसके अलावा सीआरपीएफ के 6 सेक्शन ईवीएम स्टोरेज की देखरेख में लगा दी है। चुनावी ड्यूटी के लिए 40 रिजर्व पार्टी रखी गई है। ताकि किसी भी प्रकार से लॉ एंड आर्डर में कोई खलल न पड़े। एसएसपी ने बताया 3 क्यूआरटी टीम बनाई गई है। पेट्रोलिंग पार्टियों के अलावा शहर के गांव और कॉलोनियों में लॉ एंड आर्डर मैंटेन करने के लिए स्पेशल फोर्स डिप्लॉय की गई है।
6,46,084 वोटरों के हाथ उम्मीदवाराें की किस्मत
इलेक्शन डिपार्टमेंट ने सभी तैयारियां कर ली हैं। इस बार चंडीगढ़ सीट का फैसला 6,46,084 वोटरों के हाथ में है। इनमें 3,41,640 पुरुष और 3,04,423 महिला वोटर है। जबकि 21 थर्ड जेंडर वोटर हैं। इनमें 18-19 साल के ग्रुप के 17,598 वोटर हैं। जबकि 3157 दिव्यांग वोटर हैं। चुनावी मैदान में कुल 36 प्रत्याशी हैं। जिनमें से 9 महिला प्रत्याशी हैं। चुनाव को लेकर सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। ताकि पोलिंग बूथ पर कोई भी मोबाइल फोन से लेकर पानी की बोतल तक अंदर न ले जा सके। यहां तक की पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ), आईआरबी और चंडीगढ़ पुलिस के जवान हर चप्पे पर मौजूद रहेंगे। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई को कुल 597 पोलिंग बूथ पर मतदान होंगे। इसके लिए 12 एअारआे और 60 सेक्टर आफिसर्स की ड्यूटी लगाई गई है। जिन्हें विशेष ट्रेनिंग दी गई है।
18 नए संवेदनशील पोलिंग बूथ बनाए, 230 बूथ पर कड़ी सुरक्षा
डीसी बराड़ ने बताया शहर में पहले 212 संवेदनशील बूथ थे। लेकिन अब 18 नए संवेदनशील बूथ और तैयार कर दिए गए हैं। इनमें सेक्टर-48 स्थित बनयान ट्री स्कूल, गवर्नमेंट हाई स्कूल कजहेड़ी और गवर्नमेंट हाई स्कूल टिंबर मार्केट सेक्टर-26 पर कुल 18 नए संवेदनशील बूथ बढ़ाए गए हैं। हर पोलिंग बूथ की वेब कास्टिंग कराई जाएगी। इसके अलावा पोलिंग बूथ पर किसी भी प्रकार से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। जब मतदान खत्म हो जाएगा, इसके बाद इन मशीनों को दोबारा स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इन स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तीन घेरों में की गई है। पहला सुरक्षा घेरा सीआरपीएफ के जवान, दूसरा घेरा चंडीगढ़ आइआरबी और तीसरे सुरक्षा घेरे पर चंडीगढ़ पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप