ट्राईसिटी में हेरोइन सप्लाई करने वाले 4 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद; पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका
मोहाली पुलिस ने ट्राईसिटी में हेरोइन सप्लाई करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनसे हथियार भी बरामद हुए हैं। पाकिस्तानी कनेक्शन जुड़े होने की आशंका है।

हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपितों से बरामद हथियारों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
HighLights
मोहाली पुलिस ने चार नशा तस्कर दबोचे।
100 ग्राम हेरोइन, पांच पिस्टल बरामद।
एक लाख रुपये की ड्रग मनी और एक क्रेटा भी मिली।
जागरण संवाददाता, मोहाली। ट्राईसिटी में हेरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह का मंगलवार को मोहाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चार तस्करों को गिरफ्तार कर 100 ग्राम हेरोइन, पांच पिस्टल, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और एक क्रेटा कार बरामद की है।
शुरुआती जांच में गिरोह के तार पाकिस्तान आधारित तस्करी नेटवर्क (पाकिस्तान बेस्ड पीआईओ) से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। l पुलिस के अनुसार चारों स्कूल ड्रापआउट हैं और पिछले दो से तीन साल से नशा तस्करी के इस धंधे में सक्रिय थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव गुरहरसहाय का मनप्रीत सिंह, गांव काकनवाला का सुनील सिंह, गांव इसा गरम, गुरहरसहाय का गुरप्रीत, गांव चक्क लिटिलवाला का सुखचैन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपित सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हेरोइन की खेप हासिल करते थे। इसके बाद इस नशे को ट्राईसिटी के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस को शक है कि आरोपित पाकिस्तान आधारित पीआईओ के संपर्क में थे और सीमा पार से नशे की खेप मंगवाने के लिए तस्करी नेटवर्क के साथ तालमेल रखते थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ड्रोन के जरिए खेप किस स्थान पर गिराई जाती थी और उसे आरोपितों तक पहुंचाने में कौन-कौन लोग शामिल थे।
मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच से खुलेगा नेटवर्क का राज
पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मोबाइल फोन में मौजूद काॅल डिटेल, संपर्कों और अन्य डिजिटल जानकारियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किन लोगों के संपर्क में थे।
पुलिस की जांच का मुख्य फोकस सीमा पार से नशे की खेप भेजने वाले लोगों, स्थानीय सप्लाई नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करना है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।