300 कर्मियों को नहीं मिलेगी सैलरी, 1700 के लिए आएंगी और स्मार्ट वॉच Chandigarh News
नगर निगम के 300 कर्मचारियों को मार्च में मिलने वाला मासिक वेतन नहीं मिलेगा। कमिश्नर केके यादव ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। नगर निगम के 300 कर्मचारियों को मार्च में मिलने वाला मासिक वेतन नहीं मिलेगा। कमिश्नर केके यादव ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। यह ऐसे कर्मचारी हैं जिन्होंने फरवरी माह में बायोमीट्रिक हाजिरी नहीं लगाई है।
कमिश्नर ने फरवरी माह में सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य कर दी है लेकिन इसके बावजूद ऐसे 300 कर्मचारी मिले हैं जोकि कमिश्नर का आदेश नहीं मान रहे। सोमवार को कमिश्नर केके यादव के नेतृत्व में रिव्यू बैठक हुई। जिसमें कमिश्नर ने बायोमीट्रिक हाजिरी का स्टेटस पूछा जिसके बाद बताया गया कि 1500 कर्मचारियों की हाजिरी नगर निगम में लग रही है।
चार हजार कर्मचारियों को घड़ियां दी गई हैं जिनकी हाजिरी घड़ी से ही लग रही है। नगर निगम में छह बायोमीट्रिक हाजिरी की मशीनें लगी हैं। कमिश्नर केके यादव का कहना है कि इन 300 कर्मचारियों की सैलरी रिलीज नहीं की जाएगी।
कर्मियों को दी गई हैं चार हजार घड़ियां
नगर निगम कमिश्नर केके यादव का कहना है कि अभी तक चार हजार कर्मचारियों को घड़ियां दी गई हैं। 1700 स्मार्ट वाच और मंगवाई जाएंगी क्योंकि अभी इतने कर्मचारियों की और जरूरत लग रही है। मालूम हो कि फरवरी माह से कर्मचारियों को घड़ियां दी गई हैं। हर माह का एक घड़ी का रेंट 466 रुपये आएगा। ऐसे में 18 लाख 64 हजार रुपये का खर्चा हर माह नगर निगम को अदा करना होगा।
निगम का दावा है कि इससे कर्मचारियों की कारगुजारी बढ़ जाएगी जिससे शहर को फायदा मिलेगा। इन घड़ियों के आने से जो कर्मचारी ड्यूटी पर होने के बावजूद फरलो मार लेते हैं, उन पर लगाम लगी है।
यह सब होता है घड़ी में
घड़ी में जीपीएस, जीपीआरएस, कैमरा, स्पीकर माइक्रोफोन, टेक ऑफ सेंसर, यूएसबी के जरिये चार्जिग, क्लाउड बेस्ड सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन वर्कर की अटेंडेंट्स को संभालेगी। घड़ी के बांधे जाने के बाद कर्मचारियों को बायोमीट्रिक अटेंडेंट्स की जरूरत नहीं है। कैमरा होने से दूसरा नहीं बांध सकता है। मालूम हो कि घड़ी उतारने पर यह बंद हो जाती है और स्कॉडा में इसकी जानकारी मिल जाती है। जबकि कर्मचारी यूनियनें इन घड़ियों का विरोध कर रही हैं। सफाई कर्मचारी यूनियन घड़ियों के विरोध में 27 फरवरी को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने जा रही है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें