विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

282 करोड़ का GST घोटाला, पंजाब के कारोबारी ने कागजों में खड़ी की 19 फर्जी कंपनियां; 5 राज्यों में फैला नेटवर्क

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Thu, 12 Nov 2026 02:49 PM (IST)

डायरेक्टोरेट आफ जीएसटी इंटेलिजेंस ने 282 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले का खुलासा किया है, जिसमें पंजाब के कारोबारी हनी ...और पढ़ें

फर्जी फर्मों के जरिए 282 करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी घोटाला। (सांकेतिक फोटो)

फर्जी फर्मों के जरिए 282 करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी घोटाला। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक नेटवर्क।

  2. फतेहगढ़ साहिब निवासी कारोबारी हनी खान ने किया घोटाला।

  3. आरोपित हनी खान की जमानत अर्जी अदालत ने की खारिज।

रवि अटवाल, चंडीगढ़। फर्जी फर्मों के जरिए 282 करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी घोटाला सामने आया है। इस मामले में डायरेक्टोरेट आफ जीएसटी इंटेलिजेंस ने तीन महीने पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के कारोबारी हनी खान को गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे हुए हैं।

जांच के दौरान पता चला है कि आरोपित हनी खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई फर्जी कंपनियां बना रखी थी। इनका कोई कारोबार नहीं था, फिर भी जाली तरीके से इनके नाम पर करोड़ों में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) पास हो रहे थे।

जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक फैले हुए थे। कुल 19 फर्में जांच के दायरे में आई हैं। इनमें से 15 फर्मों के रजिस्ट्रेशन में इस्तेमाल मोबाइल नंबर आरोपित हनी खान से जुड़े पाए गए, जबकि चार फर्में उसकी ई-मेल आइडी से पंजीकृत मिलीं।

अदालत से नहीं मिली राहत

इस मामले में जिला अदालत ने 24 वर्षीय हनी खान की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने मामले में सरकारी खजाने को हुए कथित नुकसान की भारी रकम, फर्जी फर्मों के नेटवर्क और जारी जांच को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया।

हालांकि, आरोपित के वकील ने उसे बेकसूर बताते हुए जमानत दिए जाने की मांग की थी। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि आरोपित का कोई पुराना आपराधिक रिकार्ड नहीं है और पूरा मामला दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों पर आधारित है।

विभाग पहले ही डिजिटल उपकरणों से डेटा निकाल चुका है, इसलिए साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका नहीं है। हालांकि जज ने इन दलीलों को नहीं माना।

चार फर्मों से खाते में आए 46 लाख 

जांच एजेंसी ने अदालत में यह भी बताया कि आरोपित के बैंक खाते में जांच के दायरे में आई चार फर्मों से करीब 46 लाख रुपये आए हैं। इसके अलावा, एक ऐसे व्यक्ति को भी आरोपित की ओर से भुगतान किया गया था, जिसने कुछ फर्मों के जीएसटी रिटर्न दाखिल किए थे। उस व्यक्ति ने जांच एजेंसी को पूछताछ में बताया कि वह आरोपित हनी खान के निर्देश पर काम करता था।

आठ फर्मों से शुरू हुई जांच, 19 तक पहुंचा नेटवर्क

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तारी के समय जांच में आठ फर्में सामने आई थीं, लेकिन आगे की पड़ताल में यह नेटवर्क 19 फर्जी कंपनियों तक पहुंच गया। अतिरिक्त फर्मों की जांच के दौरान करीब 32 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फर्जी आईटीसी क्लेम का भी पता चला। एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क में और फर्मों व अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।