29वीं सीनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप शुरू
29वीं सीनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप (लड़के/लड़कियां) की शुरुआत चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ुआं में हुई।
जागरण संवाददाता, मोहाली : 29वीं सीनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप (लड़के/लड़कियां) की शुरुआत चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ुआं में हुई। वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से करवाई जा रही चैंपियनशिप का उद्घाटन पंजाब के खेल, युवा और प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने किया। उनके साथ वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रेजिडेंट भूपिंदर सिंह बाजवा और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सरदार सतनाम सिंह संधू भी मौजूद थे।
पांच दिन चलने वाले इन मुकाबलों में 28 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, सीआरपीएफ, आइटीबीपी, बीएसएफ और सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की 43 टीमों के 1000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि चीन में पैदा हुए वुशू को थोड़े समय में ही भारत में प्रसिद्ध हो गई है। हमें मान है कि हमारे खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वुशू न सिर्फ एक खेल है, बल्कि महिलाओं और बच्चों द्वारा आत्मरक्षा के साधन के तौर पर भी फायदेमंद सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि 'यह महत्वपूर्ण होता जा रहा है कि महिलाएं और खासकर बच्चों को स्कूल स्तर से आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट सीखना चाहिए जो समाज में बच्चों और महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों के मामलों में बहुत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
पटियाला में बनाई जाने वाली पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के सवाल पर सोढी ने बताया कि 500 करोड़ के कुल बजट में से 2020 में अकादमिक, प्रशासन और यूनिवर्सिटी के होस्टल ब्लाक की स्थापना के लिए 25 करोड़ की शुरुआती राशि जारी की गई। आने वाले बजट में और बड़ी राशि आवंटित की जायेगी जिससे काम में तेजी आयेगी। इस दौरान चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने वुशू के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय अर्जुन व द्रोणाचार्य अवॉर्डी खिलाड़ी पूजा कादियां, संध्या रानी, बिमोलजीत सिंह और कुलदीप हांडू को सम्मानित किया।