चंडीगढ़ में मंत्री डा. बनवारी लाल ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Chandigarh City Newsः सहकारिता मंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कहा कि हमारी सभ्यता एवं संस्कृति में पेड़ों को देवतुल्य माना गया है। बताया कि पृथ्वी पर जन्मे सभी जीवों में मात्र मनुष्य ही बुद्धिजीवी वर्ग है जो पौधा रोपण कर सकता है।
चंडीगढ़, जेएनएन। मेहरा एनवायरमेंट एंड आर्ट फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन कुलदीप मेहरा ने जानकारी दी कि हरियाणा सरकार में सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डा. बनवारी लाल के सेक्टर-5 चंडीगढ़ स्थित आवासीय परिसर में रुद्राक्ष रोपण किया। यहां सहकारिता मंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि हमारी सभ्यता एवं संस्कृति में आरंभ से ही पेड़ों को देवतुल्य माना गया है। यह भी बताया कि पृथ्वी पर जन्मे सभी जीवों में मात्र मनुष्य ही बुद्धिजीवी वर्ग है जो पौधा रोपण कर सकता है और मानव जीवन में पेड़ों का इसलिए भी विशेष महत्व माना गया है।
हरा-भरा एवं स्वस्थ वातावरण चाहिए तो आसपास के स्थलों जैसे घरों के प्रांगण, स्कूल एवं कॉलेजों के प्रांगण, सार्वजनिक भूमि, पंचायत घरों, धार्मिक स्थलों, सड़कों, नहरों एवं नदियों के किनारों पर अधिक से अधिक मात्रा में पौधरोपण करना चाहिए। हरियाणा सरकार तो पहले से ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चलाये गए पर्यावरण एवं जलवायु संरक्षण के लिए पौधरोपण कार्यक्रम के प्रति संकलिप्त है।
मेहरा एनवायरमेंट एंड आर्ट फाउंडेशन के संस्थापक कुलदीप मेहरा ने रुद्राक्ष के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी उन्होंने बताया कि सभी ग्रंथों में रुद्राक्ष को साक्षात महादेव जी की परमप्रिय वस्तु माना है उसके स्पर्श मात्र से परमधाम की प्राप्ति बताया गया है। यहाँ तक भी सुनने में मिला है कि एक रुद्राक्ष का पेड़ लगाने से 10 शिवलिंग स्थापित करने जितने पुण्य की प्राप्ति होती है। हमें रुद्राक्ष को हमेशा ह्रदय के पास धारण करना चाहिए, इससे हृदय रोग, हृदय का कम्पन और ब्लड प्रेशर आदि रोगों में आराम मिलता है। इस रुद्राक्षरोपण कार्यक्रम में मुख्यातिथि माननीय सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, मेहरा एनवायरमेंट एंड आर्ट फाउंडेशन के संस्थापक कुलदीप मेहरा, गोहाना से बीजेपी नेता देवेंद्र चिड़ाना एवं जोगिंदर सिंह उपस्थित रहे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें