सूद धर्मशाला से भागा कोरोना का मरीज, रुड़की से पकड़ा
क्वारंटाइन सेंटर से भागे कोरोना पॉजिटिव मरीज को पुलिस ने दबोच लिया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सूद धर्मशाला में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर से भागे कोरोना पॉजिटिव मरीज को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने उसे उसके निवास स्थान उत्तराखंड के रुड़की के गांव मिहयाराम से दबोचा है। मरीज की पहचान मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई। हालांकि उसे वापस नहीं लाया और गांव में ही क्वारंटाइन कर दिया गया है। पुलिस ने उसे पकड़ते समय एतिहातन बनाए गए शिकंजे से पकड़ा, जिससे किसी भी व्यक्ति से पुलिस की कम से कम तीन फीट की दूरी बनी रहती है। सेक्टर-17 थाना पुलिस को नोडल अधिकारी श्रेया ने शिकायत दी थी कि मोहम्मद आरिफ बीते कुछ समय पहले पत्नी के साथ बेटे का पीजीआइ में इलाज करवाने आया था। इस दौरान आरिफ के सैंपल लिए गए थे। जिसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 29 जुलाई को उसे सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला में क्वारंटाइन कर दिया गया। लेकिन उसकी पत्नी और बेटा घर वापस लौट गए। आठ अगस्त को आरिफ को पीयू में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रेफर किया जाना था। वहां ले जाने के लिए सुबह अनाउसमेंट कर आरिफ को बुलाया गया। लेकिन बार-बार आवाज लगाने के बाद भी जब वह नहीं आया तो पता चला कि वह क्वारंटाइन सेंटर में नहीं है। उसकी काफी तलाश की गई। परिवार की मदद से आरिफ को मिहयाराम के अस्पताल बुलाया गया था। हमारे पुलिस कर्मियों ने गल्व्स और मास्क पहने हुए थे, लेकिन उसे टच नहीं किया। इसी वजह से पुलिस कर्मियों को क्वारंटाइन नहीं किया गया है। डॉक्टर्स की मदद से ही जमानती पेपर्स पर आरिफ के हस्ताक्षर ले उसे वहीं क्वारंटाइन करवा दिया गया है।
-रामरतन शर्मा, एसएचओ, सेक्टर-17 थाना