साइकिल टू वर्क थीम पर काम करेगी स्मार्ट सिटी
स्मार्ट सिटी ने इंडियन साइकिल चेंज चैलेंज अभियान के तहत काम करना शुरू कर दिया है।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़
स्मार्ट सिटी ने इंडियन साइकिल चेंज चैलेंज अभियान के तहत काम करना शुरू कर दिया है। साइकिल क्लब, पुलिस और रेजिडेंट्स से राय लेने के बाद शहरवासियों से शहर को साइकिल को प्रमोट करने के लिए 20 सवाल (फीडबैक) पूछे गए हैं। इस अभियान को साइकिल टू वर्क का नाम दिया गया है, ताकि लोग अपने कामकाज और कार्यालय में जाने के लिए भी साइकिल का ही प्रयोग करें। ऐसे लोगों के अनुभव शेयर करने के अलावा उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। स्मार्ट सिटी की ओर से केंद्र सरकार के आदेश पर सवालों के लिक शहरवासियों को शेयर किए जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी ने शहर की जनसंख्या का एक फीसद लोगों की राय लेने का टारगेट रखा है। 14 अक्टूबर तक सवालों का जवाब ऑनलाइन ही मांगे गए हैं। इसके बाद इन जवाबों को केंद्र सरकार को 28 अक्टूबर तक भेजा जाएगा। उसके बाद केंद्र सरकार पूरे देश के 11 शहरों का फीडबैक के आधार चयन करेगा। इन चुने गए शहरों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि पुरस्कार के तौर पर भी दी जाएगी। स्मार्ट सिटी साइकिल को प्रमोट करने के लिए आला अधिकारियों को भी अभियान में शामिल करने जा रही है। यूटी प्रशासन चाहता है कि शहरवासी अपने ऑफिस जाने के लिए साइकिल का ही प्रयोग करें। शहर में 1800 किमी के साइकिल ट्रैक पहले से बन चुके हैं।
11 शहरों में चंडीगढ़ का नाम आने की उम्मीद
स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों का मानना है कि चंडीगढ़ का नाम 11 शहरों में आ जाएगा। क्योंकि चंडीगढ़ में कोरोनाकाल के दौरान साइकिल चलाने वालों को तादाद बढ़ी है। लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बजाय स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए साइकिल का प्रयोग कर रहे हैं। इस समय शहर में पिछले तीन माह दस हजार से ज्यादा लोगों ने नई साइकिल खरीदी है। स्मार्ट सिटी साइकिल क्लब, रेजिडेंट्स और ट्रैफिक पुलिस से एक बैठक भी कर चुका है। पूछे गए हैं इस तरह के सवाल
घर पर कितनी कार और दोपहिया वाहन है। लॉकडाउन से पहले कौन से वाहन पर चलते थे, महामारी के बाद किस पर चलेंगे। शहर में साइकिल चलाना कितना सुरक्षित है। घर से कार्यालय कितनी दूरी पर है। क्या आप पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करेंगे। क्या आप साइकिल चलाना जानते हैं। रोजाना कितनी साइकिल चला रहे हो। साइकिल के लिए शहर में कितना इंफ्रास्ट्रक्चर है। साइकिल चलाने में आप अपने शहर में सबसे बड़ी रुकावट क्या मानते हैं। साइकिल चलाना सुरक्षित है या नहीं। क्या आप किराये पर साइकिल चलाना चाहते हैं, किराये का भुगतान किस मोड में करना चाहते हो। देश के 95 स्मार्ट शहरों को दिया चैलेंज
सवालों के लिए स्मार्ट सिटी ने एक फार्मेट का भी पब्लिक नोटिस भी जारी किया है। कोरोना महामारी के दौर में संक्रमण से बचने के लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने साइकिलिग को बढ़ावा देने के लिए देशभर के 95 स्मार्ट शहरों को चैलेंज दिया है। शहरवासियों से आने वाले फीडबैक के आधार पर आने वाले समय में शहर की प्रमुख सड़कों पर अलग से साइकिल लेन बनाई जाएगी। कमिश्नर केके यादव एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव का कहना है कि इस चैलेंज के तहत शहर को साइकिल फ्रेंडली बनाया जाएगा।